फिल्म के विशेष प्रदर्शन के बाद श्याम मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ और भजन-संकीर्तन; तीन संकल्प शीघ्र पूरे करने की बात

गुरुग्राम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा हरियाणा एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बोधराज सीकरी ने 25 सामाजिक, धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यों का संकल्प लिया है। सीकरी के अनुसार, इनमें से 22 कार्य पूरे हो चुके हैं और शेष तीन भी शीघ्र पूरे किए जाएंगे।

सीकरी ने बताया कि 19वें संकल्प के तहत मंगलवार को करीब 250 मित्रों, वंचित वर्ग के लोगों और गणमान्य व्यक्तियों के लिए फिल्म ‘हनुमान अंश’ का विशेष प्रदर्शन आयोजित किया गया। बुधवार को न्यू कॉलोनी स्थित श्री श्याम जी मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम के साथ 20वां, 21वां और 22वां संकल्प पूरा किया गया।
मंदिर में विप्रजनों ने वेद मंत्रों के साथ प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर 25 बार हनुमान चालीसा का पाठ हुआ और 25 से अधिक महिलाओं ने भजन-संकीर्तन किया।
सीकरी ने कहा, “हमारी कामना है कि प्रधानमंत्री स्वस्थ और दीर्घायु रहें तथा देश सेवा के अपने कार्यों में सफल हों।”








