मतदाता सूची से जुड़े फैसलों पर प्रकाशित रिपोर्ट की स्वतंत्र जांच की मांग; मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफा मांगा
चंडीगढ़, 23 सितंबर। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने चुनाव आयोग के भीतर कथित मतभेदों और मतदाता सूचियों से जुड़े फैसलों पर प्रकाशित एक समाचार रिपोर्ट को चिंताजनक बताया है। उन्होंने रिपोर्ट में किए गए दावों की स्वतंत्र जांच और चुनाव आयोग की ओर से सार्वजनिक जवाब देने की मांग की।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कुछ निर्णयों और प्रक्रियाओं पर कम से कम 14 बार लिखित आपत्तियां दर्ज कराईं। उन्होंने कहा कि यदि यह दावा सही है, तो आपत्तियों का विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि रिपोर्ट में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), फॉर्म-6, मतदाताओं के नाम जोड़ने और हटाने, नाम बहाल करने के आदेशों के विरुद्ध अपील तथा मतदाता सूचियों की सुरक्षा जैसे विषयों का उल्लेख है। उनके मुताबिक, मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया पारदर्शी और सत्यापन योग्य होनी चाहिए, ताकि किसी पात्र नागरिक का मताधिकार प्रभावित न हो।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मतदाता सूचियों में संभावित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।








