‘सेवा मेरा योगदान’ मॉड्यूल के तहत जिले के चार स्थानों पर योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

गुरुग्राम, 19 सितंबर। जिला में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जारी सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ मॉड्यूल के तहत जिला आयुष विभाग द्वारा शनिवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वस्थ जीवनशैली एवं योग विषय पर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन, विद्यार्थियों एवं महिलाओं को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू बांगड़ ने बताया कि आयुष विभाग द्वारा आयोजित इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य लोगों को निरोगी जीवन, योग, संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या के महत्व के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग एवं प्राकृतिक स्वास्थ्य पद्धतियों को अपनाना बेहद उपयोगी है। यदि योग और स्वस्थ आदतों को जीवन का नियमित हिस्सा बनाया जाए तो व्यक्ति अपने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने की दिशा में प्रभावी कदम उठा सकता है।
उन्होंने बताया कि ‘सेवा मेरा योगदान’ मॉड्यूल के तहत आयुष विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र भीमखेड़ी, यूपीएचसी फाजिलपुर, अंबेडकर चौपाल-सरीता की आंगनवाड़ी, खांडसा तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जटौली मंडी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
डॉ. मंजू बांगड़ ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य और जनकल्याण का संदेश पहुंचाने का माध्यम है। आयुष विभाग इसी भावना के साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए जागरूक करने और योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि निर्धारित शेड्यूल के तहत जिला के अन्य स्थानों पर भी ऐसे गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।








