किसानों के हितों की अनदेखी और बढ़ते अपराध पर सरकार जवाब दे : राव नरेंद्र सिंह
कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों की आवाज बनें : भूपेंद्र सिंह हुड्डा

चंडीगढ़,19 सितंबर। हरियाणा कांग्रेस मामलों के प्रभारी श्री संजय दत्त तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री राव नरेंद्र सिंह ने आज रेवाड़ी तथा महम (रोहतक) ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के सम्मेलनों में शिरकत कर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। दोनों नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
छात्रों की समस्याओं को आवाज देने के लिए चलेगा ‘छात्रों की गूंज’ अभियान : संजय दत्त
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी श्री संजय दत्त ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार जमीनी कार्यकर्ता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर जनता के बीच लगातार संवाद करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के छात्र शिक्षा, रोजगार, फीस, छात्रवृत्ति और बेहतर सुविधाओं से जुड़े अनेक सवाल उठा रहे हैं। कांग्रेस इन मुद्दों को मजबूती से सामने लाने के लिए ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को आगे बढ़ाएगी।
उन्होंने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र की समस्याओं को समझे और उन्हें पार्टी के मंच से प्रभावी ढंग से उठाए।
किसानों की समस्याओं और बढ़ते अपराध पर सरकार गंभीरता दिखाए :- राव नरेंद्र सिंह
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश का किसान अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। फसल, लागत, उचित मूल्य, सिंचाई तथा कृषि से जुड़ी अन्य समस्याओं पर सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है।
मंडियों में धान-बाजरे की खरीद को लेकर किसान परेशान,सरकार तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करे – राव नरेंद्र सिंह
राव नरेंद्र सिंह ने धान और बाजरे की सरकारी खरीद को लेकर किसानों को हो रही परेशानी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मंडियों में फसल पहुंचनी शुरू हो गई है, लेकिन खरीद व्यवस्था स्पष्ट नहीं होने से किसान परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार मंडियों में पर्याप्त बारदाना, खरीद केंद्र, उठान और समयबद्ध भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित करे तथा किसानों की फसल की एमएसपी पर बिना देरी खरीद शुरू की जाए। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए मंडियों में भटकना न पड़े, यह सरकार की जिम्मेदारी है।
राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि अपराध की घटनाओं से आम नागरिकों में चिंता पैदा होती है। सरकार को कानून-व्यवस्था को लेकर प्रभावी और जवाबदेह व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर इन मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे
जनता के मुद्दों को संसद में लगातार उठा रहे हैं : दीपेंद्र सिंह हुड्डा
रेवाड़ी में, कांग्रेस कार्य समिति के स्थायी सदस्य एवं सांसद श्री दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के साथ उसके निरंतर संपर्क से मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी सहित पूरे हरियाणा के जनहित के मुद्दों को वे लगातार संसद और सार्वजनिक मंचों पर उठाते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार, किसानों के हित और प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दे कांग्रेस की प्राथमिकताओं में हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुनें तथा उनकी आवाज को संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाएं।
रेवाड़ी के विकास और कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए हमेशा खड़ा रहूंगा :- चिरंजीव राव
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व पूर्व विधायक चिरंजीव यादव ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा हमेशा आम आदमी, किसान, मजदूर, युवा और समाज के कमजोर वर्गों के हितों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं और उनके सम्मान तथा संगठन की मजबूती के लिए लगातार काम किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रेवाड़ी क्षेत्र के लोगों से उनका लंबे समय से जुड़ाव रहा है और क्षेत्र के विकास तथा जनता की समस्याओं को लेकर वे हमेशा अपनी आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच रहें, संगठन को लगातार मजबूत करें : भूपेंद्र सिंह हुड्डा
महम ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन को संबोधित करते हुए हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि प्रत्येक कार्यकर्ता गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर जनता से सीधा संवाद करे तथा उनके मुद्दों को मजबूती से उठाए।
उन्होंने कहा कि महम सहित पूरे हरियाणा में कांग्रेस का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत से मजबूत होगा। जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना कांग्रेस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
रेवाड़ी में प्रवीण चौधरी ने की अध्यक्षता, अनिल यादव रहे आयोजक
रेवाड़ी ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन की अध्यक्षता जिला रेवाड़ी (शहरी) कांग्रेस अध्यक्ष श्री प्रवीण चौधरी ने की तथा सम्मेलन का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री अनिल यादव ने किया।
महम में बलवान सिंह रंगा की अध्यक्षता, सुरेश चंद्र ने किया आयोजन
महम ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन की अध्यक्षता रोहतक (ग्रामीण) जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री बलवान सिंह रंगा ने की तथा इसका आयोजन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र ने किया। सम्मेलन को पूर्व विधायक श्री आनंद सिंह दांगी तथा विधायक श्री बलराम दांगी ने भी संबोधित किया।
दोनों ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलनों में पूर्व मंत्री एमएल रंगा तथा जसवंत बावल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी, रेवाड़ी (ग्रामीण) जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री सुभाष चंद चावड़ी, रोहतक (शहरी) जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह, प्रोफेसर वीरेंद्र, चक्रवर्ती शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, ब्लॉक एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








