*उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने मातृ वन में प्रज्ज्वलित किया आशीर्वाद का दीया*
*हजारों दीयों की रोशनी में जगमगाएं लघु सचिवालय व जिला के सभी सरकारी भवन*
*शीतला माता मंदिर में विशेष सांध्य आरती और दीयों के उजाला, अमृत भारत स्टेशन पर भी रोशन हुई दीपमाला*

गुरुग्राम, 18 सितम्बर। सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन संध्या में गुरुग्राम जिला के सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर लाखों दीये प्रज्ज्वलित किए गए। मातृ वन, लघु सचिवालय, शीतला माता मंदिर, अमृत भारत स्टेशन गुरुग्राम व पटौदी, द्वारका एक्सप्रेस वे, शीतला माता मेडिकल कॉलेज, ताऊ देवीलाल स्टेडियम, शहीद स्मारक, नेहरू स्टेडियम, आईएमटी मानेसर, केएमपी एक्सप्रेस वे, इंटरनेशनल सोलर अलायंस, संसाधन भवन, शिव कुंड सोहना, एसडीएम ऑफिस बादशाहपुर, मानेसर, पटौदी, सोहना पीएम गति शक्ति कार्गो टर्मिनल मारुति प्लांट, अमृत सरोवरों, व्यायामशालाओं सहित सभी सरकारी भवनों पर लाखों की संख्या में दीयों को प्रज्ज्वलित किया गया।
*मातृ वन में दीपमाला के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने अभियान के पहले दिन की संध्या पर सेक्टर 54 स्थित मातृ वन में आशीर्वाद का दीया प्रज्ज्वलित किया। अरावली पर्वत माला के करीब 750 एकड़ क्षेत्र में फैले मातृ वन में विशेष दीपमाला प्रज्ज्वलित की गई। राव नरबीर सिंह ने जिला वासियों को सेवा संकल्प अभियान की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहन देने के लिए मातृ वन में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया है। आज का दिन पर्यावरण के प्रति समर्पण और संरक्षण के संकल्प का दिन है।
*लघु सचिवालय में दिखे रंगोली के रंग और रोशन दीयों का उजाला*

सेवा संकल्प अभियान के मॉड्यूल आशीर्वाद का दीया के दिया को लेकर लघु सचिवालय गुरुग्राम में विशेष इंतजाम किए गए थे। डीसी उत्तम सिंह ने अपने कार्यालय में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपमाला का शुभारंभ किया। उनके साथ एडीसी सोनू भट्ट व एसडीएम हितेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। लघु सचिवालय के सभी फ्लोर्स पर दिये लगाए गए। साथ ही अलग अलग स्थानों पर रंगोली की बनाई गई। भाजपा नेत्री गार्गी कक्कड़ ने भी लघु सचिवालय पहुंच कर दीपमाला और रंगोली का अवलोकन किया।
*शीतला माता मंदिर में हुई विशेष आरती और हजारों दीयों की रोशनी*

सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन की संध्या में गुरुग्राम के पवित्र स्थल शीतला माता मंदिर में विशेष आरती हुई। साथ ही मंदिर परिसर में हजारों की संख्या में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। शीतला माता श्राइन बोर्ड के सीईओ सुमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर में पहुंचे श्रद्धालु भी आरती में शामिल हुए। इस अवसर पर बीजेपी के जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी व पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने भी मंदिर में पहुंच कर आरती की।
*अमृत भारत स्टेशन भी हुआ दीयों की रोशनी से गुलजार*
गुरुग्राम स्थित अमृत भारत स्टेशन पर देर शाम दीपमाला प्रज्ज्वलित की गई। विधायक मुकेश शर्मा ने स्टेशन पर पहुंचकर स्वयं दीप प्रज्ज्वलित कर दीपमाला का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह दीया प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति जन-जन के स्नेह, आशीर्वाद और अटूट विश्वास का प्रतीक है। साथ ही, विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्रसेवा के 25 वर्षों की उनकी गौरवशाली यात्रा के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति है।
*पटौदी और सोहना में भी विधायकों ने किए दीप प्रज्ज्वलित*
इसी तरह पटौदी में जटौली अनाज मंडी और अमृत भारत स्टेशन पटौदी पर विधायक बिमला चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित किए। वहीं सोहना में भी विधायक तेजपाल तंवर ने क्षेत्र के अलग स्थानों पर जाकर दीप प्रज्ज्वलित कर आशीर्वाद का दीया अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने क्षेत्र वासियों को सेवा संकल्प अभियान के बारे में भी जानकारी दी।








