युवाओं को सरकारी रोजगार और शॉर्टहैंड कौशल के प्रति जागरूक कर रहा डीएलएसए

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पैनल अधिवक्ताओं एवं पीएलवी ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शुरू किया जागरूकता अभियान

स्टेनोग्राफर भर्ती में शॉर्टहैंड की उपयोगिता और रोजगार के अवसरों की दी जा रही जानकारी

गुरुग्राम, 18 सितंबर- पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, गुरुग्राम द्वारा सरकारी रोजगार के अवसरों, विशेष रूप से स्टेनोग्राफर के पदों के लिए आवश्यक शॉर्टहैंड कौशल के संबंध में आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता शिविर एवं कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इस अभियान के तहत पैनल अधिवक्ताओं एवं पैरा लीगल वालंटियर्स द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में युवाओं एवं सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे इच्छुक अभ्यर्थियों को सरकारी रोजगार में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, शॉर्टहैंड सीखने के महत्व और स्टेनोग्राफर भर्ती परीक्षाओं में इसकी उपयोगिता के बारे में भी बताया जा रहा है।

पैरा लीगल वालंटियर्स द्वारा क्षेत्र में संचालित शॉर्टहैंड कोचिंग सेंटरों का दौरा कर वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं अभ्यर्थियों को सरकारी भर्तियों में शॉर्टहैंड कौशल की आवश्यकता एवं रोजगार के अवसरों के संबंध में जानकारी दी जा रही है। साथ ही, युवाओं को कौशल विकास के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं चेयरमैन, डीएलएसए गुरुग्राम नरेंद्र सुरा तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव, डीएलएसए गुरुग्राम निशा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं तक रोजगार संबंधी जानकारी पहुंचाना और उन्हें उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए जागरूक करना है।

डीएलएसए द्वारा पैनल अधिवक्ताओं एवं पैरा लीगल वालंटियर्स से आह्वान किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं एवं आमजन तक इस महत्वपूर्ण जानकारी को पहुंचाएं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!