ईएसआईसी गुरुग्राम में राजभाषा पखवाड़े का गरिमापूर्ण शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निदेशक हरिओम प्रकाश ने कार्मिकों से कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने का किया आह्वान

गुरुग्राम, 17 सितंबर। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के उप क्षेत्रीय कार्यालय, गुरुग्राम में गुरुवार को राजभाषा पखवाड़ा-2026 का गरिमापूर्ण शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन निदेशक (प्रभारी) हरिओम प्रकाश की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन में हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग को प्रोत्साहित करना, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके राजभाषा संबंधी दायित्वों के प्रति जागरूक करना तथा पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ पंचदीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राजभाषा हिंदी के संवर्धन, प्रचार-प्रसार तथा कार्यालयीन कामकाज में उसके अधिकाधिक प्रयोग का सामूहिक संकल्प लिया।

हिंदी प्रशासन और जनसंपर्क का सशक्त माध्यम

निदेशक (प्रभारी) हरिओम प्रकाश ने सभी कार्मिकों को अपना शत-प्रतिशत कार्यालयीन कार्य हिंदी में करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल कार्यालय की भाषा नहीं, बल्कि प्रशासन और जनसंपर्क को अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से राजभाषा संबंधी नियमों और प्रावधानों के अनुरूप अधिकाधिक कार्य हिंदी में करने तथा कार्यालयीन पत्राचार, टिप्पण, आलेखन एवं अभिलेखों में हिंदी का प्रयोग निरंतर बढ़ाने का आह्वान किया।

राजभाषा नीति और नियमों की दी जानकारी

सहायक निदेशक (राजभाषा) डॉ. स्वीटी यादव ने राजभाषा नीति, राजभाषा अधिनियम-1963 तथा राजभाषा नियम-1976 के प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने वार्षिक राजभाषा लक्ष्यों की प्राप्ति, ई-ऑफिस में हिंदी के प्रयोग तथा विभागीय कार्यों में राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला।

डॉ. स्वीटी यादव ने कहा कि राजभाषा पखवाड़े का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि कार्यालय के प्रत्येक कार्य में हिंदी के सहज, व्यावहारिक एवं प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देना है।

प्रतियोगिताओं की रूपरेखा पर चर्चा

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सुझाव प्रस्तुत किए और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का संकल्प लिया। इस दौरान पखवाड़े में आयोजित होने वाली गतिविधियों, कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। इनके माध्यम से अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों में हिंदी के प्रति रुचि, जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाई जाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!