प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा-काल को समर्पित अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा; पहले दिन होंगे 12 प्रमुख सामाजिक कार्यक्रम
गुरुग्राम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष के कार्यकाल को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक किया जाएगा। हरियाणा भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बोधराज सीकरी ने कहा कि यह अभियान महज औपचारिकता नहीं, बल्कि युवाओं को सेवा, संस्कार और सामाजिक दायित्व से जोड़ने वाला सफलता का मंत्र है।
बोधराज सीकरी ने बताया कि पिछले सप्ताह गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय ‘गुरुकमल’ में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने 200 से अधिक स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को संबोधित किया था। इससे प्रेरित होकर एनजीओ प्रकोष्ठ ने एक महीने के दौरान 25 प्रमुख सामाजिक एवं सेवा कार्य करने का संकल्प लिया है।
पहले दिन होंगे 12 सेवा कार्य
अभियान के पहले दिन 17 सितंबर को बोधराज सीकरी के नेतृत्व में 12 प्रमुख सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें 25 मंदिरों में 100-100 दीये पहुंचाना, गौशाला तथा सेवा भारती द्वारा संचालित छात्रावास में सेवा करना शामिल है।
गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त की अगुवाई में शहर की करीब 200 स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के लिए साइबर अपराध जागरूकता संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त पौधरोपण तथा 100 योग साधकों द्वारा योगाभ्यास के बाद सड़क सफाई अभियान चलाया जाएगा।
मंत्रोच्चारण, संकीर्तन और 25 कुंडीय यज्ञ
धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत 25 विप्रवरों द्वारा मंत्रोच्चारण, महिला मंडली द्वारा संकीर्तन और 25 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। आर्य समाज, सेक्टर-7 एक्सटेंशन में 25 कुंडीय यज्ञ भी होगा।
नीलकंठ पाठशाला में पढ़ने वाले वंचित वर्ग के 25 विद्यार्थियों को पुस्तकें, स्कूल यूनिफॉर्म और बैग वितरित किए जाएंगे। बच्चों के लिए चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी।
आर्यावीर नेत्र चिकित्सालय के सहयोग से निशुल्क नेत्र एवं मधुमेह जांच शिविर लगाया जाएगा। शिविर में जरूरतमंद लोगों को दवाइयां भी वितरित की जाएंगी।
बच्चों को 25 दिन मिलेगा पौष्टिक आहार
‘एनीमिया मुक्त योजना’ के तहत नीलकंठ पाठशाला के बच्चों को लगातार 25 दिनों तक पौष्टिक आहार दिया जाएगा। महीने भर चलने वाले अभियान में योग शिविर, दिव्यांग सेवा, सैनिक सम्मान, नशामुक्ति पर नाटक और ‘वोकल फॉर लोकल’ जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे।
युवाओं को संस्कारवान बनाने के उद्देश्य से विद्यालयों में विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। सनातन संस्कृति के प्रचार के लिए 150 लोगों को ‘हनुमान अंश’ फिल्म निशुल्क दिखाई जाएगी।
तीन अक्टूबर को भव्य भजन संध्या
अभियान के अंतर्गत तीन अक्टूबर को न्यू कॉलोनी स्थित श्याम जी मंदिर में प्रसिद्ध भजन गायिका अलका गोयल की भव्य भजन संध्या होगी। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में करीब 2,500 श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर विशाल भंडारा भी लगाया जाएगा।
भजन संध्या में महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज के आशीर्वचन होंगे। भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य डॉ. सुधा यादव की विशिष्ट उपस्थिति रहेगी। गुरुग्राम की महापौर राजरानी मल्होत्रा मुख्य अतिथि होंगी, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा करेंगे। आयोजकों के अनुसार सभी अतिथियों ने कार्यक्रम में शामिल होने की पुष्टि कर दी है।








