महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने का आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी; घटना में प्रयुक्त कार बरामद

गुरुग्राम, 15 सितंबर। गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी चालक को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पलवल जिले के गांव चांदहट निवासी 33 वर्षीय कल्याण बैंसला के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, महिला बाइक राइडर ने 14 सितंबर की सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। इसमें 13 सितंबर की सुबह गोल्फ कोर्स रोड पर एक कार द्वारा उसकी बाइक को टक्कर मारते हुए दिखाया गया था। वीडियो संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने पीड़िता से संपर्क करने का प्रयास किया। पीड़िता की ओर से शिकायत नहीं मिलने पर भी पुलिस ने घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज किया।

सीसीटीवी फुटेज से बढ़ाई धाराएं

मामले की जांच और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का आरोप जोड़ा। पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद धारा 78 और 79 की भी वृद्धि की गई है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी मामले के संबंध में मीडिया को साक्षात्कार देने के बाद मोबाइल फोन बंद करके फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गईं। अपराध शाखा सोहना की टीम ने 15 सितंबर को उसे राजस्थान में दौसा और राजगढ़ के बीच से गिरफ्तार कर लिया।

भागने की कोशिश में गिरकर घायल

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पेशाब करने के बहाने भागने की कोशिश की। इस दौरान गिरने से उसे कुछ चोटें आईं। अस्पताल में उसका प्राथमिक उपचार कराया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है। कार आरोपी के एक दोस्त के नाम पंजीकृत बताई गई है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच अभी जारी है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!