‘आशीर्वाद’ के नाम पर राजनीति नहीं, गरीबों को मिले उनका अधिकार : मुकेश चौधरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

युवा कांग्रेस नेता ने कार्यक्रमों के खर्च पर उठाए सवाल; कहा—रोजगार, महंगाई से राहत और बेहतर राशन व्यवस्था को प्राथमिकता दे सरकार

करनाल। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा 17 सितंबर को प्रदेशभर में लाभार्थी परिवारों के लिए प्रस्तावित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर हरियाणा युवा कांग्रेस के स्टेट मीडिया वाइस चेयरमैन मुकेश चौधरी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को दिखावटी ‘आशीर्वाद’ नहीं, बल्कि स्थायी रोजगार, महंगाई से राहत, बेहतर राशन व्यवस्था और सम्मानजनक जीवन का अधिकार चाहिए।

मुकेश चौधरी ने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसे कार्यक्रमों पर कितना सरकारी धन खर्च होगा और इससे जरूरतमंद परिवारों को वास्तविक रूप से क्या लाभ मिलेगा। यदि सरकार वास्तव में गरीबों का कल्याण चाहती है तो उसे रोजगार के अवसर बढ़ाने, महंगाई नियंत्रित करने तथा परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधारने के ठोस उपाय करने चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाओं के नाम पर बड़े-बड़े कार्यक्रम आयोजित कर उनका प्रचार तो किया जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर पात्र परिवारों को पर्याप्त लाभ नहीं मिल पाता। सरकार को घोषणाओं और प्रचार से आगे बढ़कर गरीबों की वास्तविक समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

मुकेश चौधरी ने कहा, “गरीब परिवार किसी राजनीतिक प्रचार का माध्यम नहीं हैं। उन्हें उनका हक, सम्मान और सुरक्षित भविष्य मिलना चाहिए।” उन्होंने मांग की कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों, मजदूरों, किसानों और आम आदमी के अधिकारों की आवाज उठाती रही है और आगे भी पूरी मजबूती से उठाती रहेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!