पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में डीएचबीवीएन ने हासिल किया 51 प्रतिशत लक्ष्य

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*62,455 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित, कुल क्षमता 221.90 मेगावाट*

*1,01,845 आवेदन प्राप्त, 61,813 कनेक्शन जारी; 52,632 लाभार्थियों को 380.88 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित*

गुरुग्राम, 14 सितंबर 2026। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। योजना के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार निगम द्वारा आवेदनों के निपटान, निरीक्षण तथा सौर कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है।

डीएचबीवीएन में अब तक योजना के तहत 1,01,845 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 62,455 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इन संयंत्रों की कुल स्थापित क्षमता 221.90 मेगावाट है।

प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने अधिकारियों को लंबित आवेदनों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निपटान तथा निरीक्षण एवं कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं, ताकि पात्र उपभोक्ताओं को योजना का लाभ निर्धारित समय में मिल सके।

डीएचबीवीएन के जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने बताया कि निगम द्वारा अब तक 61,813 सौर कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं तथा 52,632 लाभार्थियों को 380.88 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की जा चुकी है। निगम ने मार्च 2027 तक 1,22,000 सौर कनेक्शन स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके मुकाबले अब तक 51 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा चुका है।

हिसार जोन में सर्वाधिक 36,291 सोलर संयंत्र स्थापित

जोनवार प्रगति में हिसार जोन अग्रणी है। यहां अब तक 62,282 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 36,291 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इनकी कुल क्षमता 119.41 मेगावाट है। जोन में 35,952 कनेक्शन जारी किए गए हैं तथा 31,616 लाभार्थियों को 231.36 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रदान की जा चुकी है। हिसार जोन ने अपने निर्धारित लक्ष्य का 66 प्रतिशत हासिल कर लिया है।

वहीं, दिल्ली जोन में 39,563 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 26,164 रूफटॉप सोलर संयंत्र, कुल 102.49 मेगावाट क्षमता, स्थापित किए जा चुके हैं। जोन में 25,861 कनेक्शन जारी किए गए हैं तथा 21,016 लाभार्थियों को 149.52 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की गई है। दिल्ली जोन ने अपने निर्धारित लक्ष्य का 38 प्रतिशत हासिल किया है।

रेवाड़ी और सिरसा ने लक्ष्य को पार किया

सर्कलवार उपलब्धियों में रेवाड़ी और सिरसा सर्कल ने मार्च 2027 तक निर्धारित लक्ष्य को पार करते हुए 106-106 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है।

इसके अलावा फतेहाबाद ने 86 प्रतिशत, हिसार ने 63 प्रतिशत, गुरुग्राम-II ने 48 प्रतिशत, नारनौल ने 46 प्रतिशत, भिवानी ने 45 प्रतिशत, गुरुग्राम-I ने 41 प्रतिशत तथा जींद ने 37 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। फरीदाबाद ने 15 प्रतिशत और पलवल ने 11 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है।

प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार डीएचबीवीएन द्वारा योजना के तहत शेष पात्र उपभोक्ताओं को लाभ पहुंचाने के लिए प्रक्रिया को ओर तेज किया जा रहा है, ताकि मार्च 2027 तक निर्धारित 1,22,000 सौर कनेक्शनों के लक्ष्य को समय पर पूरा किया जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!