वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और साइबर ठगी से बचने का दिया संदेश
गुरुग्राम। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की गुरुग्राम शाखा ने शनिवार को सेक्टर-4 स्थित सामुदायिक भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया। संस्था के प्रधान एवं फोरबा के चेयरमैन धर्मसागर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने गीत, भजन, कविता और शायरी प्रस्तुत कर समां बांध दिया। इस दौरान मोबाइल के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी भी दी गई।
मंच संचालक डीएन कवातरा ने गायत्री मंत्र के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। धर्मसागर ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कविता सुनाई—‘वरिष्ठ बनने के लिए बहुत जीना पड़ता है, वरिष्ठ ने जो कहा, वह करके दिखाता है।’ उनकी कविता ‘अभी तो मैं बच्चा हूं, उम्रदराज न बनें, उम्र को दराज में रख दें’ को भी खूब सराहना मिली।
स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही न बरतें : धर्मसागर
धर्मसागर ने वरिष्ठ नागरिकों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या महसूस होने पर लापरवाही न बरतें और चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें।
कार्यक्रम में हरीश ने ‘मेरे लाडले गणेश प्यारे-प्यारे’ और ‘गणपति बप्पा मोरिया’, वीणा श्रीवास्तव ने ‘दुनिया में तेरा है बड़ा नाम’, मूर्ति देवी ने ‘छोड़ जगत के रिश्ते-नाते ओ अभिमानी’ तथा जगदीश अरोड़ा ने ‘सांवरे को दिल में बसा कर तो देखो’ प्रस्तुत किया।
मधु शर्मा ने ‘हम तो चाकर हैं गोविंदा सरकार के’ और ‘आज जाने की जिद न करो’, इंद्रपाल मलिक ने ‘दिल के तराने लेकर आई बरसात’, दीपचंद ने ‘तू है सच्चा पिता सारे संसार का’, शशि सरदाना ने ‘दिल की नजर से’, जगदीश गुलाटी ने ‘कोई राम कहता, कोई कृष्ण कहता’, सीके चौधरी ने ‘कृष्ण कहने से तर जाओगे’ तथा मदनलाल डूडेजा ने ‘सजन रे झूठ मत बोलो’ सुनाकर खूब तालियां बटोरीं।
अनजान लिंक और लालच से रहें सावधान
रमेश धवन ने मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताते हुए इसके सदुपयोग का संदेश दिया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल से उचित दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
बैंक से सेवानिवृत्त एवं वैश्य समाज के महासचिव विजय अग्रवाल ने साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अनजान व्यक्ति के साथ व्यक्तिगत अथवा बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। किसी संदिग्ध ऐप या लिंक का इस्तेमाल नहीं करें। डिजिटल अरेस्ट की धमकी अथवा लालच देकर पैसे मांगने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। साइबर ठगी होने पर तत्काल बैंक और पुलिस से संपर्क करने के साथ हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
डीएन कवातरा ने शायरी प्रस्तुत करने के बाद बताया कि संस्था प्रत्येक माह के दूसरे और चौथे शनिवार को सेक्टर-4 सामुदायिक भवन तथा तीसरे शनिवार को न्यू कॉलोनी स्थित गीता भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करती है।
कार्यक्रम में ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य रमेश वशिष्ठ, लालचंद चुटानी, एफसी चुघ, सीएस आहूजा, केके गुलाटी, एमपी दुबे, महेश नागपाल, उर्मिला शर्मा, शशि अरोड़ा, विनोद बजाज, दीपचंद सौरोत, मनमोहन सरदाना, देवेंद्र नाथ, इंद्रेश कुमार, अनुपम, रमेश, किरण ऐरी, आईपी मलिक, उषा, बीआर सचदेवा और एसके आहूजा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।







