खराब स्ट्रीट लाइटों से रेजांगला चौक मार्ग अंधेरे में डूबा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हादसों और आपराधिक घटनाओं का बढ़ा खतरा, नगर निगम से तत्काल मरम्मत की मांग

गुडग़ांव, 11 सितम्बर (अशोक) : बाबा प्रकाश पुरी चौक से सेक्टर-5 और कृष्णा चौक होते हुए शहीद स्मारक रेजांगला चौक तक जाने वाला प्रमुख मार्ग पिछले एक सप्ताह से अंधेरे में डूबा हुआ है। मार्ग पर लगी स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण स्थानीय नागरिकों, पैदल यात्रियों, साइकिल चालकों और रेहड़ी-पटरी वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रात होते ही पूरे मार्ग पर घना अंधेरा छा जाता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और देर रात आवागमन करने वाले कामगारों के लिए यहां से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंधेरे का फायदा असामाजिक तत्व उठा सकते हैं, जिससे चोरी और झपटमारी जैसी घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

टोल-फ्री नंबर पर दर्ज कराई शिकायत

क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता राजेश पटेल ने समस्या को लेकर नगर निगम के टोल-फ्री नंबर पर आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि राहगीरों को प्रतिदिन परेशानी झेलनी पड़ रही है, लेकिन अभी तक खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक नहीं कराया गया।

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने और सभी खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करवाने की मांग की है, ताकि महत्वपूर्ण मार्ग पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!