37वें दिन हड़ताली कर्मचारियों को मिला विभिन्न संगठनों का समर्थन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सरकार की कथित दमनकारी कार्रवाई के विरोध में आज उल्टी झाड़ू लेकर करेंगे प्रदर्शन

गुडग़ांव, 11 सितम्बर (अशोक) : लंबित मांगों को लेकर पिछले 37 दिनों से हड़ताल कर रहे नगर निगम के सफाई, सीवर और फायर कर्मचारियों को शुक्रवार को जननायक जनता पार्टी (जजपा), एचएसवीपी वर्कर यूनियन, सर्व कर्मचारी संघ, आशा वर्कर यूनियन सहित विभिन्न श्रमिक एवं सामाजिक संगठनों का समर्थन मिला।

पुराने नगर निगम कार्यालय स्थित धरनास्थल पर पहुंचे जजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ऋषि राज राणा, राष्ट्रीय प्रचार सचिव दलबीर धनखड़, जिलाध्यक्ष संतोष धारीवाल तथा अन्य नेताओं ने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताया। उन्होंने सरकार से कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने, ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने तथा सफाई कर्मचारी और सीवरमैन के रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती करने की मांग की।

जजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार बातचीत से समाधान निकालने के बजाय आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। फायर, सफाई और सीवर कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस देने के साथ निलंबन एवं सेवा समाप्ति के आदेश जारी किए जा रहे हैं।

कर्मचारी नेताओं बसंत कुमार, सम्मी बोहत, जोगिंदर, धर्मेंद्र जिंघाला और भारत कांगड़ा ने कहा कि कर्मचारी ऐसी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी। सरकार की कथित तानाशाही के विरोध में शनिवार को कर्मचारी उल्टी झाड़ू लेकर प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि हड़ताल का समाधान करने के बजाय पुलिस बल के सहारे आंदोलन दबाने और सफाई व्यवस्था सामान्य दिखाने का प्रयास किया जा रहा है। शहर में सफाई के नाम पर फर्जी बिल बनाकर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।

कर्मचारियों ने 13 मई को हुए समझौते को तत्काल लागू करने तथा दिवंगत फायर कर्मचारियों रणबीर और भवी चंद शर्मा के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता एवं परिवार के एक-एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग दोहराई। कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि 13 सितम्बर तक मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

इस अवसर पर सर्व कर्मचारी संघ के राज्य सचिव जोगिंदर करोथा, जिला सचिव सुशील शर्मा सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!