सफाई कर्मचारियों के समर्थन में उतरी जेजेपी, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नियमितीकरण, ठेका प्रथा समाप्त करने और समान काम-समान वेतन की उठाई मांग

गुरुग्राम, 11 सितंबर। जननायक जनता पार्टी ने सफाई एवं सीवर कर्मचारियों की लंबित मांगों का समर्थन करते हुए शुक्रवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। पार्टी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो जेजेपी इस मुद्दे पर सड़क से लेकर उच्च स्तर तक निर्णायक संघर्ष करेगी।

जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के निर्देश पर पार्टी की जिला इकाई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सफाई कर्मचारियों के धरनास्थल पर पहुंचे। इनमें पार्टी की राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष और हलका अध्यक्ष शामिल रहे। उन्होंने आंदोलनरत कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी मांगों को न्यायसंगत बताते हुए पार्टी की ओर से पूर्ण समर्थन की घोषणा की।

इसके बाद जेजेपी प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर वर्षों से पालिका रोल और आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत कार्यरत कच्चे सफाई कर्मचारियों एवं सीवरमैनों को नियमित करने की मांग की। पार्टी ने ठेका प्रथा समाप्त कर कर्मचारियों को सीधे निकायों के रोल पर लेने तथा समान काम के बदले समान वेतन देने की मांग भी उठाई।

ज्ञापन में जोखिम भत्ता, 50 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने की मांग की गई। इसके साथ ही हड़ताल के दौरान निलंबित अथवा बर्खास्त कर्मचारियों को बिना शर्त बहाल करने और उनके विरुद्ध दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग भी रखी गई।

जेजेपी नेताओं ने कहा कि सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी न केवल उनके साथ अन्याय है, बल्कि इससे प्रदेश की सफाई व्यवस्था और आम नागरिकों का स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा है। पार्टी कर्मचारियों के संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!