पालम विहार सड़क का होगा सौंदर्यीकरण
मेट्रो की अलाइनमेंट में पेड़ बचाने को होगा मंथन

गुरुग्राम, 10 सितंबर। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) श्री पीसी मीणा ने वीरवार को गुरुग्राम की विभिन्न प्रमुख सड़कों का निरीक्षण कर सड़क, ड्रेनेज, फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने उद्योग विहार स्थित राव गजराज सिंह मार्ग, सेक्टर-22/23 की डिवाइडिंग रोड (सुशी आइमा मार्ग), कृष्णा चौक से रेजांगला चौक मार्ग, रेजांगला चौक तथा पालम विहार की सड़कों का जायजा लिया।
राव गजराज सिंह मार्ग पर जलभराव की समस्या का होगा समाधान
राव गजराज सिंह रोड के निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री मीणा ने बरसात के दौरान जलभराव वाले सड़क के हिस्से को आरसीसी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने इस हिस्से के साथ ड्रेनेज विकसित कर उसे लेग-1 ड्रेन से जोड़ने तथा सड़क के सौंदर्यीकरण के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि पुरानी दिल्ली रोड का लेवल ऊंचा होने के कारण बारिश के दिनों में यहां पानी भर जाता है। जलभराव के चलते सड़क क्षतिग्रस्त होने के साथ ही यातायात भी प्रभावित होता है। सीईओ ने अधिकारियों को समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मेट्रो लाइन की अलाइनमेंट में पेड़ों को बचाने के लिए होगा मंथन

सेक्टर-22 और 23 की डिवाइडिंग रोड, जिसे सुशी आइमा रोड के नाम से जाना जाता है, के निरीक्षण के दौरान श्री मीणा ने संबंधित अधिकारियों को मेट्रो अथॉरिटी के साथ बैठक आयोजित करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठक में मेट्रो की प्रस्तावित अलाइनमेंट पर चर्चा की जाएगी और लाइन की अलाइनमेंट इस प्रकार तय करने का प्रयास किया जाएगा कि अधिक से अधिक पेड़ों को बचाया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि इस मार्ग पर पेयजल पाइप लाइन में लीकेज के कारण करीब 40 मीटर सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे अब ठीक कर दिया गया है।
पैदल यात्रियों के लिए डिवाइडर ग्रिल में रास्ता छोड़ने के निर्देश
इसके बाद सीईओ ने कृष्णा चौक से रेजांगला चौक जाने वाली सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क के दोनों ओर ग्रीन बेल्ट का लेवल नीचे कर बनाए जा रहे स्टॉर्म वाटर ड्रेन के कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को ड्रेन निर्माण में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सर्विस लेन की मरम्मत करवाने के साथ-साथ रोड डिवाइडर में पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली की तर्ज पर डिवाइडर ग्रिल में रास्ता छोड़ने के निर्देश दिए। इसके अलावा,सड़क पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने को भी कहा, ताकि पैदल यात्रियों को सड़क पार करने में सुविधा हो और यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके।
पालम विहार में फुटपाथ व ट्रैफिक आइलैंड का होगा सौंदर्यीकरण
श्री मीणा ने रेजांगला चौक का निरीक्षण करने के बाद पालम विहार सड़क का भी जायजा लिया। यहां सड़क की स्थिति संतोषजनक पाई गई। उन्होंने फुटपाथ की मरम्मत करवाने, डिवाइडर से घास आदि हटाने तथा ट्रैफिक आइलैंड की मरम्मत करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रैफिक आइलैंड पर रिफ्लेक्टर लगाने और सड़क के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान कार्यकारी अभियंता श्री अमित गोदारा और उपमंडल अधिकारी श्री दलीप यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।









