विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से की मुलाकात
चंडीगढ़, 10 सितंबर। हरियाणा में नवंबर के प्रथम सप्ताह से 26 नवंबर तक संविधान पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेशभर में विविध कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को संविधान के मूल्यों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
संविधान पखवाड़े की तैयारियों को लेकर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने वीरवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने आयोजन की रूपरेखा और कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की।
पखवाड़े के दौरान संविधान की भावना, लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका तथा संवैधानिक मूल्यों पर आधारित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी पर विशेष जोर रहेगा।
विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने कार्यक्रमों को प्रदेशव्यापी स्वरूप देने तथा संविधान दिवस तक जागरूकता अभियान चलाने के विषय में भी विचार-विमर्श किया।









