विश्वकर्मा जयंती पर 17 सितंबर को गुरुग्राम के ऑटो चालकों की विशाल सभा आयोजित करने का निर्णय
गुरुग्राम, 9 सितंबर। आज दिनांक 9 सितंबर को गुरुग्राम के सेक्टर-45 में हरियाणा ऑटो चालक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऑटो चालकों की वर्तमान समस्याओं, संगठन की गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर आगामी 17 सितंबर को गुरुग्राम के समस्त ऑटो चालकों की एक विशाल सभा आयोजित की जाएगी।
यह विशाल सभा हरियाणा ऑटो चालक संघ, सम्बंधित भारतीय मजदूर संघ (BMS) एवं भारतीय प्राईवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के बैनर तले सेक्टर-29 स्थित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप पार्क (लेजर वैली पार्क) की पक्की पार्किंग में आयोजित की जाएगी।
सभा की अध्यक्षता हरियाणा ऑटो चालक संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री महीपाल सिंह तंवर जी करेंगे। इस विशाल सभा में गुरुग्राम के ऑटो चालकों की समस्याओं, अधिकारों एवं भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
सभा की दो प्रमुख मांगें होंगी—
गुरुग्राम में अवैध रूप से बाइकों के माध्यम से यात्रियों को ढोने की व्यवस्था पर तुरंत रोक लगाई जाए।
संघ का कहना है कि अवैध रूप से चलने वाली बाइकों के माध्यम से सवारी ढोने का कार्य ऑटो चालकों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। प्रशासन एवं परिवहन विभाग को इस पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
ऑटो ड्राइवरों को भी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने-बनाए फ्लैट उपलब्ध कराए जाएं।
गुरुग्राम में हजारों ऑटो चालक वर्षों से मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में चालक अपने स्वयं के आवास से वंचित हैं। सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए फ्लैटों में पात्र ऑटो चालकों को भी प्राथमिकता के आधार पर आवास उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
इसके अतिरिक्त सभा में ऑटो चालकों के लिए अधिकृत एवं स्थायी ऑटो स्टैंडों की व्यवस्था, बढ़ती सीएनजी कीमतों के अनुसार किराए में संशोधन, ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड का गठन, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं तथा अनावश्यक चालान एवं उत्पीड़न से राहत जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
हरियाणा ऑटो चालक संघ ने गुरुग्राम के सभी ऑटो चालक भाइयों से अपील की है कि वे 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित इस विशाल सभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी एकता और संगठन की शक्ति का परिचय दें।
संघ का मानना है कि मजबूत संगठन और एकजुट संघर्ष के माध्यम से ही ऑटो चालकों की समस्याओं का समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।









