समस्याओं के अंबार से भड़के ऊर्वा पदाधिकारी, प्रशासन को घेरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कम्युनिटी सेंटर में कचरा वाहनों से फैल रही बदबू, योग करने वालों और वरिष्ठ नागरिकों को परेशानी

जर्जर बिजली तारों से करंट का खतरा, बड़े हादसे की आशंका

गुरुग्राम। सेक्टर-4 स्थित कम्युनिटी सेंटर परिसर में ऊर्वा पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें सेक्टर की बदहाल सफाई व्यवस्था, अवरुद्ध नालों और जर्जर बिजली तारों सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया गया।

बैठक में ऊर्वा के संरक्षक धर्मसागर, प्रधान मनोज भारद्वाज, महासचिव धीरज सेठी, उपप्रधान प्रमोद शर्मा, कोषाध्यक्ष रमन सिंघल और कार्यकारिणी सदस्य आरए सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

छह महीने बाद भी सुधार नहीं

संरक्षक धर्मसागर ने कहा कि करीब छह महीने पहले ऊर्वा के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय विधायक, उपायुक्त और नगर निगम आयुक्त से मुलाकात कर सेक्टर की समस्याओं से अवगत कराया था। अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद धरातल पर कोई सुधार दिखाई नहीं दे रहा है।

कम्युनिटी सेंटर बना कचरा वाहनों का ठिकाना

ऊर्वा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सफाई कर्मचारी कचरा उठाने वाले वाहनों को कम्युनिटी सेंटर परिसर में ही खड़ा कर देते हैं। इससे परिसर में कचरा जमा होने के साथ चारों ओर दुर्गंध फैलती रहती है।

धर्मसागर ने बताया कि सुबह स्थानीय निवासी और बुजुर्ग यहां योग एवं व्यायाम करने आते हैं। परिसर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक कमरा भी आवंटित है, जहां सामाजिक गतिविधियां और बैठकें होती हैं। बदबू तथा गंदगी के कारण लोगों का यहां बैठना दूभर हो गया है।

हुडा मार्केट का नाला अवरुद्ध

बैठक में सेक्टर-4 की हुडा मार्केट की बदहाली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। पदाधिकारियों ने बताया कि आसपास के रेहड़ी-पटरी वाले बचा हुआ खाना और कचरा मार्केट के पास बने नाले में फेंक देते हैं। इससे नाला अवरुद्ध हो गया है और उठती सड़ांध ने व्यापारियों तथा राहगीरों का जीना मुहाल कर दिया है।

लटकती बिजली तारों से हादसे का खतरा

कम्युनिटी सेंटर में शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए दिए जाने वाले बिजली कनेक्शनों पर भी चिंता जताई गई। पदाधिकारियों के अनुसार जर्जर एवं लटकती तारों के कारण बच्चों और बड़ों को करंट लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

ऊर्वा प्रतिनिधियों ने कहा कि इस गंभीर समस्या की शिकायत एसडीओ, एक्सईएन और संयुक्त आयुक्त तक से की जा चुकी है, लेकिन तारों को अब तक दुरुस्त नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन शायद किसी बड़े बिजली हादसे का इंतजार कर रहा है।

ऊर्वा पदाधिकारियों ने प्रशासन से सफाई व्यवस्था सुधारने, नाले की नियमित सफाई कराने और जर्जर बिजली तारों को तत्काल बदलने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें