महंगाई से बिगड़ा रसोई का बजट, हर मोर्चे पर सरकार विफल : राव नरेंद्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शाहबाद और साहा के कांग्रेस सम्मेलनों में बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान

सत्य निकेतन हादसे में छात्रों की सुरक्षा और प्रशासनिक जवाबदेही पर उठाए सवाल

चंडीगढ़, 7 सितंबर। हरियाणा कांग्रेस के एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सोमवार को कुरुक्षेत्र जिले की शाहबाद ग्रामीण तथा अंबाला जिले की साहा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सम्मेलनों में भाग लिया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।

साहा में आयोजित सम्मेलन में कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी सदस्य एवं सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और अंबाला के सांसद वरुण चौधरी भी शामिल हुए। सम्मेलनों में महंगाई, बेरोजगारी, युवाओं की सुरक्षा, शिक्षा और दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

महंगाई ने बढ़ाया परिवारों पर बोझ : संजय दत्त

संजय दत्त ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बढ़ती महंगाई ने आम परिवार की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। देसी घी के दाम करीब 650 रुपये से बढ़कर 700 रुपये तक पहुंच गए हैं। सरसों तेल, रिफाइंड और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले मसालों की कीमतों में भी वृद्धि हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई कंपनियां पैकेट में सामान की मात्रा कम कर रही हैं, लेकिन कीमतों में उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही। आम आदमी को कम सामान के लिए भी अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। सरकार को बयानबाजी के बजाय महंगाई नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

हर बूथ तक सक्रिय होगी कांग्रेस : राव नरेंद्र

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि ब्लॉक सम्मेलनों के माध्यम से कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति की समीक्षा की जा रही है। कांग्रेस संगठन को प्रत्येक बूथ पर सक्रिय और मजबूत बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान, कर्मचारी, युवा, व्यापारी और आम परिवार परेशान हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को सड़क से लेकर विधानसभा तक मजबूती से उठाएंगे।

राव नरेंद्र ने दावा किया कि बाजार में देसी घी की कीमत करीब 650 रुपये से बढ़कर 700 रुपये, सरसों तेल 185 से 190 रुपये, रिफाइंड तेल 145 से 150 रुपये, साबुत हल्दी 210 से 220 रुपये, पिसी हल्दी 300 से 320 रुपये, धनिया 195 से बढ़कर 200-210 रुपये तथा मिर्च 280 से बढ़कर 300-320 रुपये तक पहुंच गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार को आंकड़ों और दावों से बाहर निकलकर आम परिवार की रसोई की वास्तविक स्थिति देखनी चाहिए। आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का सबसे अधिक असर गरीब, मध्यमवर्गीय और मेहनतकश परिवारों पर पड़ रहा है।

हादसे के समय बचाव पहली प्राथमिकता : दीपेंद्र हुड्डा

दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि इस समय मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली विश्वविद्यालय में पिछले दस वर्षों के दौरान पर्याप्त छात्रावास नहीं बनाए गए। इसके कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थी निजी और असुरक्षित पीजी में रहने को मजबूर हैं। सत्य निकेतन की घटना छात्रों की सुरक्षा, अवैध पीजी व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा गंभीर सवाल है।

हुड्डा ने हादसे की नैतिक जिम्मेदारी तय करने की मांग करते हुए कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री को नैतिक आधार पर इस्तीफा देना चाहिए।

दलितों के खिलाफ अत्याचार चिंताजनक : वरुण चौधरी

सांसद वरुण चौधरी ने कहा कि हरियाणा में दलितों के खिलाफ अत्याचार और भेदभाव की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। कई मामलों में पीड़ित परिवारों को न्याय पाने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ता है। सरकार को प्रत्येक घटना में जवाबदेही तय कर पीड़ितों को न्याय दिलाना चाहिए।

सम्मेलनों में विधायक अशोक अरोड़ा, निर्मल सिंह, रामकरण काला, मनदीप सिंह चट्ठा व पूजा चौधरी, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, पूर्व विधायक सुल्तान जड़ौला व जसबीर मल्लौर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मेवा सिंह, दुष्यंत चौहान, परमिंदर परी, सुरेश रोड़, दीपक लांबा तथा ब्लॉक अध्यक्ष ज्ञान सिंह, प्रदीप गोयल, जयपाल पांचाल, रवि अरोड़ा और नरेंद्र शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें