सेवा संकल्प अभियान को लेकर गुरुग्राम में तैयारियां तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*एडीसी सोनू भट्ट ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तय की जिम्मेदारियां*

*सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा, जागरूकता, जनभागीदारी और विकास से जुड़ी गतिविधियां होंगी आयोजित*

*17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यकम से होगा अभियान का शुभारंभ*

*एडीसी सोनू भट्ट ने सभी विभागों को समयबद्ध आयोजन, आपसी समन्वय और प्रभावी दस्तावेजीकरण के दिए निर्देश*

गुरुग्राम, 7 सितंबर। एडीसी सोनू भट्ट की अध्यक्षता में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले एक माह के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले में प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। एडीसी ने सभी विभागों को अपने-अपने मॉड्यूल के तहत निर्धारित गतिविधियों की समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए।

एडीसी ने कहा कि यह अभियान केवल विभागीय गतिविधियों तक सीमित न रहे, बल्कि इसे व्यापक जन अभियान का स्वरूप दिया जाए। अभियान के तहत अलग-अलग मॉड्यूल के माध्यम से सेवा, जागरूकता, जनभागीदारी, रचनात्मक गतिविधियों एवं विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक गतिविधि में विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं, लाभार्थियों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

*17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यकम से होगा अभियान का शुभारंभ*

एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि 17 सितंबर की शाम बूथ स्तर पर प्रमुख सरकारी योजनाओं एवं कोविड-19 टीकाकरण के लाभार्थियों द्वारा ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही जिले में उन स्थानों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जाएगा, जहां प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा परियोजनाओं का उद्घाटन अथवा शिलान्यास किया गया है। अमृत सरोवरों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किए जाएंगे। इसी प्रकार गांव स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को अभियान से जोड़ा जाएगा।

*‘सपनों का भारत’ में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मिलेगा मंच*

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत ‘सपनों का भारत/इंडिया ऑफ द ड्रीम्स’ मॉड्यूल में सरकारी एवं निजी विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थी विकसित भारत के अपने सपनों और भविष्य की कल्पना को रचनात्मक माध्यमों से अभिव्यक्त करेंगे। स्कूल स्तर के बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला एवं राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी तथा विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान विद्यार्थियों की रचनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें अभिभावकों, स्थानीय ग्रामीणों एवं आमजन को आमंत्रित किया जाएगा।

*‘नमो सेवा गाथा’ से लेकर ‘आंगन का उत्सव’ तक, सेवा और जनभागीदारी पर जोर*

‘नमो सेवा गाथा’ मॉड्यूल के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों तथा सामुदायिक केंद्रों में 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा कल्याणकारी योजनाओं तथा विकासात्मक बदलावों को प्रदर्शित करने वाली सरल भावनात्मक एवं संगीत आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुति दी जाएगी।

वहीं ‘आंगन का उत्सव’ के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें माताओं, बच्चों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी। पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण संबंधी जानकारी का प्रसार करने के साथ बच्चों के लिए खेल, चित्रकला एवं गीत जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। फल एवं मिठाई वितरण, बाल पोषण से संबंधित कॉमिक पुस्तकों का वितरण तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने जैसी गतिविधियां भी होंगी।

*‘कहानी बदलाव की’ में सामने आएगी सरकारी योजनाओं से बदली जिंदगी की तस्वीर*

एडीसी ने बताया कि ‘कहानी बदलाव की’ मॉड्यूल के तहत विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को वीडियो के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। सभी विभाग अपने-अपने योजनागत लाभार्थियों की पहचान कर उनके अनुभव रिकॉर्ड करवाएंगे। इन वीडियो के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभार्थियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को सामने लाया जाएगा।

गांवों से जिला मुख्यालय तक पहुंचेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’

‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत ग्रामीण क्षेत्रों से जिला मुख्यालय तक मशाल यात्रा आयोजित की जाएगी। इसके लिए यात्रा का रूट निर्धारित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

*‘सेवा मेरा योगदान’ से हर विधानसभा क्षेत्र में बढ़ेगी जनभागीदारी*

उन्होंने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ मॉड्यूल के तहत नगर निकाय के सहयोग से जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो स्थानों पर सेवा एवं जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, डिजिटल साक्षरता, साइबर जागरूकता, रक्तदान, पौधारोपण, वृद्धाश्रमों में सेवा सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल होंगी। इन कार्यक्रमों में कला, साहित्य, मीडिया, धार्मिक क्षेत्र तथा पद्म पुरस्कार से सम्मानित प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भी जोड़ा जाएगा।

एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना है। उन्होंने सभी विभागों को अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने तथा प्रत्येक कार्यक्रम की उपलब्धियों को व्यवस्थित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला परिषद के सीईओ सुमित कुमार, नगर निगम गुरुग्राम से संयुक्त आयुक्त सपना यादव, डीईटीसी(एसटी – साउथ एंड ईस्ट) एन आर फुले, डीईटीसी (एसटी – नॉर्थ) शोभिनी, डीईटीसी (एसटी – वेस्ट) अभिनंदन, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, डीईओ कैप्टन इंदु बोकन, डीआरओ विजय यादव, डीडीपीओ नवनीत कौर, सीएमओ डॉ लोकवीर, डीएसडब्ल्यूओ सरफराज खान, सहायक ज़िला परिवहन अधिकारी- सहायक परिवहन आयुक्त हरेंद्र वीर, डीईटीसी (एक्साइज – ईस्ट) कँवल नैन, डीईटीसी (एक्साइज – वेस्ट) अनिरुद्ध शर्मा, डीआईओ सुमन सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!