रूफटॉप सोलर के निरीक्षण में तेजी लाए डीएचबीवीएन के अधिकारी : एमडी विक्रम सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लंबित निरीक्षण जल्द पूरा कराने के निर्देश

गुरुग्राम, 7 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत लगाए जा रहे रूफटॉप सोलर (आरटीएस) संयंत्रों के निरीक्षण कार्य में तेजी लाने के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने फील्ड अधिकारियों को थर्ड-पार्टी इंस्पेक्शन एजेंसी (टीपीए) के साथ प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि पात्र उपभोक्ताओं को योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाने के लिए निरीक्षण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

एमडी विक्रम सिंह के दिशा-निर्देशन में डीएचबीवीएन द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की प्रगति की लगातार समीक्षा की जा रही है। फील्ड अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निरीक्षण के दौरान सामने आ रही व्यावहारिक समस्याओं का तत्काल समाधान करते हुए टीपीए टीम को आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाया जाए।

डीएचबीवीएन प्रवक्ता संजय चुघ ने बताया कि मूडी इंटरनेशनल (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड को हरियाणा के लिए थर्ड-पार्टी इंस्पेक्शन एजेंसी नियुक्त किया गया है। टीपीए द्वारा राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से जनरेट किए गए निरीक्षण परमिट के आधार पर रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन का निरीक्षण किया जा रहा है।

प्रवक्ता के अनुसार, कुछ मामलों में उपभोक्ताओं में निरीक्षण प्रक्रिया को लेकर पर्याप्त जागरूकता का अभाव, निरीक्षण से इनकार तथा अन्य फील्ड-स्तरीय कारणों से टीपीए टीम को साइट तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। इसके चलते कुछ रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन साइटों का निरीक्षण लंबित है।

एमडी के निर्देशों के तहत निगम के सभी मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं, कार्यकारी अभियंताओं, एसडीओ तथा जेई/सब-ऑफिस इंचार्ज को कहा गया है कि वे टीपीए के अधिकृत अधिकारियों के साथ नियमित समन्वय स्थापित करें और निरीक्षण के लिए लंबित साइटों तक उनकी सुगम पहुंच सुनिश्चित करें। अधिकारियों को उपभोक्ताओं को निरीक्षण प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी देने तथा लंबित मामलों की प्राथमिकता के आधार पर निगरानी करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

आरईसी लिमिटेड के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा में अब तक 2,132 निरीक्षण कॉल जारी किए गए हैं। इनमें से 2,083 साइटों का टीपीए द्वारा निरीक्षण पूरा किया जा चुका है, जबकि 472 साइटों को निरीक्षण के लिए पहुंच से बाहर चिह्नित किया गया है।

डीएचबीवीएन का लक्ष्य है कि फील्ड स्तर पर आने वाली बाधाओं को दूर करते हुए लंबित निरीक्षण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए। इससे अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं के रूफटॉप सोलर संयंत्रों का निरीक्षण समय पर पूरा होगा और उन्हें प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का लाभ सुगमता एवं समयबद्ध तरीके से मिल सकेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!