नगर निगम और अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल तीन दिन बढ़ी; 9 सितंबर तक मांगें नहीं मानीं तो अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
गुडग़ांव, 6 सितम्बर (अशोक)। नगर निगम कर्मचारी संघ हरियाणा और अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने अपनी हड़ताल तीन दिन और बढ़ाने का निर्णय लिया है। कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि 9 सितम्बर तक मानी गई मांगों के आधिकारिक पत्र जारी नहीं किए गए तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल दिया जाएगा।
हड़ताल के 32वें दिन रविवार को कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बसंत कुमार, सम्मी बोहत, सुनील कुमार, भारत कांगड़ा, जोगिंदर और महेश कुमार ने कहा कि 13 मई के समझौते के अनुसार पे-रोल के 1,175 फायरमैन तथा पालिकाओं, परिषदों और नगर निगमों के करीब 13 हजार कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने का पत्र जारी किया जाना था। जब तक यह पत्र जारी नहीं होता, प्रदेशभर में हड़ताल जारी रहेगी।
कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले 11 वर्षों में भाजपा सरकार ने सफाई कर्मचारियों की एक भी नियमित भर्ती नहीं की। 30 जून 2022 के परिपत्र के तहत अन्य विभागों के कर्मचारियों को ठेकेदारी प्रथा से मुक्त कर हरियाणा कौशल रोजगार निगम में शामिल कर लिया गया, लेकिन सफाई कर्मचारियों और सीवरमैनों को अब भी ठेकेदारों के अधीन रखा गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार 13 मई को हुए लिखित समझौते से पीछे हट रही है और बैठकों के नाम पर कर्मचारियों को केवल झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं। कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि 9 सितम्बर तक सभी स्वीकृत मांगों से संबंधित आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुए तो हड़ताल अनिश्चितकालीन कर दी जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।
धरने को सीटू के जिला प्रधान सुरेश नोहरा, तेजपाल और कैलाश ने भी संबोधित किया तथा कर्मचारियों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया।









