आचार्य गौरीशंकर गौतम ने विधि-विधान से कराया पूजन, संतोष शर्मा ने देसी गाय पालने या गोद लेने का किया आह्वान
गुरुग्राम। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर महिला शक्ति मंच की ओर से गऊ पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंच की संस्थापक एवं अध्यक्ष श्रीमती संतोष श्रीपाल शर्मा ने बताया कि आचार्य गौरीशंकर गौतम ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से गऊ पूजन कराया।
संतोष शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और गऊ माता का विशेष संबंध रहा है। श्रीकृष्ण स्वयं गायें चराते थे तथा दूध और मक्खन उन्हें अत्यंत प्रिय थे। साधु-संतों, ऋषि-मुनियों और धर्मग्रंथों में भी गऊ माता को विशेष स्थान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सबसे पहले माता-पिता और परिवार के बुजुर्गों की सेवा करनी चाहिए। इसके बाद धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गऊ सेवा का विशेष महत्व है। उन्होंने सनातन धर्मावलंबियों से आह्वान किया कि जिनके पास उचित व्यवस्था हो, वे एक देसी गाय अवश्य पालें। ऐसा संभव न होने पर किसी गौशाला में जाकर एक गाय गोद लेकर उसके पालन-पोषण में सहयोग करें।
कार्यक्रम में संतोष शर्मा, पूनम, सुषमा, पिंकी, सोनिका, सविता, कृष्णा, पूजा, साक्षी, रितिका और अलका के अलावा कादीपुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रीपाल शर्मा, विजय कोच, एलडी बवेजा, मदनलाल, अरुण चौहान, रामनिवास, सुरेंद्र, संजय, टीडी दुबे, मेहरचंद सैनी और डॉ. मोहम्मद सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।








