5 सितंबर को कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के आवास के घेराव का ऐलान; गिरफ्तारी, निलंबन और सेवा समाप्ति की कार्रवाई का विरोध
गुरुग्राम, 4 सितंबर (अशोक)। प्रदेश सरकार तथा नगरपालिका और अग्निशमन विभाग के हड़ताली कर्मचारियों के बीच गतिरोध लगातार गहराता जा रहा है। विभिन्न लंबित मांगों को लेकर कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार को 30वें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने 6 सितंबर तक उनकी मांगों का ठोस समाधान नहीं किया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
आंदोलन की अगली कड़ी में कर्मचारियों ने 5 सितंबर को कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के सिविल लाइंस स्थित आवास का घेराव कर प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
कर्मचारी नेताओं ने सफाई कर्मचारियों की गिरफ्तारी, निलंबन और सेवा समाप्ति की कार्रवाई की कड़ी निंदा की। संघ का आरोप है कि प्रदेश सरकार ने 1 सितंबर को बड़ी संख्या में अग्निशमन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस और निलंबन आदेश जारी किए। उन्होंने इन कार्रवाइयों को उत्पीड़नात्मक बताते हुए वापस लेने की मांग की। संघ ने कहा कि सरकार को बल प्रयोग के बजाय बातचीत के माध्यम से विवाद का समाधान करना चाहिए।
धरने की संयुक्त अध्यक्षता इकाई के वरिष्ठ उपप्रधान सम्मी बोहत और फायर जिला सचिव सुनील कुमार ने की। वक्ताओं ने दावा किया कि शहर में वैकल्पिक सफाई व्यवस्था और पुलिस सुरक्षा में कूड़ा उठाने के प्रयास विफल साबित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हड़ताल के दौरान कूड़ा उठान के नाम पर फर्जी बिल बनाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
प्रदर्शन को नगरपालिका कर्मचारी संघ के राज्य उपप्रधान बसंत कुमार, सीटू के जिला प्रधान सुरेश नोहरा और अग्निशमन यूनियन के मुकेश कुमार सहित विभिन्न किसान, मजदूर, दलित एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने संबोधित किया। सभी संगठनों ने कर्मचारियों की मांगों और आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की।








