निर्माण कार्यों में पानी के दुरुपयोग और मीटर नहीं लगे होने के मामले सामने आए, निगमायुक्त की अपील-अवैध कनेक्शन जल्द वैध करवाएं, पानी की बर्बादी से बचें
गुरुग्राम, 19 अक्टूबर। नगर निगम गुरुग्राम ने सनसिटी क्षेत्र में अवैध पानी कनेक्शनों और पानी के दुरुपयोग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत 19 अक्टूबर को निगम की टीम ने कुल पांच पानी कनेक्शन काटे। इनमें तीन अवैध कनेक्शन तथा दो अन्य कनेक्शन शामिल हैं। जांच के दौरान कुछ मामलों में निर्माण कार्यों के दौरान पानी का दुरुपयोग और पानी के मीटर नहीं लगे होने की स्थिति भी सामने आई।
नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य पानी की आपूर्ति व्यवस्था को व्यवस्थित करना, अवैध कनेक्शनों पर रोक लगाना और पानी के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग को सुनिश्चित करना है। निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सन सिटी में अवैध पानी कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई को और तेज किया जाएगा।
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने नागरिकों से अपील की है कि जिनके पानी के कनेक्शन अवैध हैं, वे उन्हें जल्द से जल्द वैध करवाएं। उन्होंने नागरिकों से पानी का उपयोग जिम्मेदारी से करने और किसी भी प्रकार के दुरुपयोग से बचने का आग्रह किया है।
निगम की ओर से नागरिकों को यह संदेश दिया गया है कि पानी एक महत्वपूर्ण संसाधन है और इसकी बर्बादी रोकने के लिए सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित नियमों का पालन करना चाहिए। वैध कनेक्शन और मीटर की उचित व्यवस्था से पानी की आपूर्ति तथा खपत की निगरानी में भी मदद मिलती है।
इस पहल के माध्यम से निगम अवैध कनेक्शनों की समस्या पर नियंत्रण करने और पानी के दुरुपयोग को रोकने की दिशा में कार्रवाई करेगा। नागरिकों से अपेक्षा की गई है कि वे नियमों के अनुसार पानी का कनेक्शन रखें, मीटर से संबंधित आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें और पानी की बर्बादी रोकने में सहयोग दें।








