निष्पक्ष चुनाव की मांग पर कांग्रेस का मशाल मार्च

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, नीलोखेड़ी और राई में प्रदर्शन; चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग

चंडीगढ़/गुरुग्राम, 19 अक्टूबर। कांग्रेस के ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत गुरुग्राम में मशाल मार्च, नीलोखेड़ी में जनसभा व पुतला दहन और राई में विरोध मार्च आयोजित किया गया। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई। पार्टी की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, कार्यक्रम हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित किए गए।

गुरुग्राम में प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और गिरफ्तार करने की मांग की। नीलोखेड़ी में जनसभा के बाद उनका प्रतीकात्मक पुतला जलाया गया। राई में कार्यकर्ताओं ने मार्च निकालकर मताधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता की रक्षा का आह्वान किया।

जनता की आवाज दबाई नहीं जा सकती : संजय दत्त

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने भाजपा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता के भीतर पनप रहा आक्रोश उसके शासन के खिलाफ निर्णायक साबित होगा। उन्होंने कहा, “जनता के आक्रोश की चिंगारी एक दिन भयंकर आग का रूप लेगी और भाजपा के भ्रष्ट साम्राज्य को जलाकर राख कर देगी।”

संजय दत्त ने कहा कि अभियान का उद्देश्य राजनीतिक विरोध के साथ संविधान, लोकतंत्र और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना है। चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर उठने वाले सवालों का जवाब मिलना चाहिए और संबंधित संस्थाओं की जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

मताधिकार की सुरक्षा पहली शर्त : राव नरेंद्र

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव लोकतंत्र की मजबूती की पहली शर्त हैं। जनता का मत लोकतांत्रिक व्यवस्था की वास्तविक ताकत है और उसकी रक्षा करना संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारी है।

उन्होंने दावा किया कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान जन-आंदोलन का रूप ले रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता गांवों और ब्लॉक स्तर पर लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का संतोषजनक समाधान होने तक पार्टी आवाज उठाती रहेगी।

गुरुग्राम में मशाल मार्च

गुरुग्राम के मशाल मार्च में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राज बब्बर, हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक रोहित चौधरी, पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, कांग्रेस नेता पंकज डावर, वर्धन यादव, युवा कांग्रेस नेता निशित कटारिया, अविनाश यादव और अमित यादव सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए।

रोहित चौधरी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है। लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों का चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए।

नीलोखेड़ी में पुतला दहन

नीलोखेड़ी में जनसभा के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त का प्रतीकात्मक पुतला जलाकर विरोध जताया गया। कार्यक्रम में विधायक एवं प्रभारी पूजा चौधरी, पूर्व विधायक धर्मपाल गोंदर और राकेश कांबोज, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश वैद और पराग गाबा, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी दिव्यांशु बुद्धिराजा, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी वीरेंद्र राठौर तथा ब्लॉक अध्यक्ष अमित बराना सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वक्ताओं ने मताधिकार की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया।

राई में निकाला विरोध मार्च

राई में आयोजित विरोध मार्च में सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, पूर्व मंत्री एवं सोनीपत के प्रभारी आनंद डांगी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजीव दहिया और कमल दीवान, पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार और सुखबीर फरमाना, राई से पूर्व प्रत्याशी जयभगवान आंतिल, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पर्यवेक्षक नीतू वर्मा, अनंत दहिया तथा ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र दहिया और देवेंद्र मुकीमपुर शामिल हुए।

नीतू वर्मा ने कहा कि मताधिकार की रक्षा के लिए जनता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। कांग्रेस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएगी। कार्यक्रम में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान तथा नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें