कारण बताओ नोटिसों और निलंबन आदेशों की प्रतियां जलाकर निकाला विरोध जुलूस
मांगों का समाधान नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
गुडग़ांव, 2 सितम्बर (अशोक)। प्रदेश सरकार की कथित हठधर्मिता और वादाखिलाफी के विरोध में नगर निगम एवं अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल चार दिन और बढ़ाकर 6 सितंबर तक जारी रखने का ऐलान किया है।
नगरपालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने पुराने नगर निगम कार्यालय से अग्रसेन चौक तक विरोध जुलूस निकाला और अग्निशमन कर्मचारियों को जारी कारण बताओ नोटिसों तथा निलंबन आदेशों की प्रतियां जलाईं। जुलूस पुराने रेलवे रोड, जैकबपुरा, सोहना चौक और सदर बाजार से होता हुआ वापस पुराने निगम कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुआ।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने व्यापारियों और आम नागरिकों के बीच पर्चे बांटकर सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया तथा आंदोलन में सहयोग की अपील की।
कर्मचारी नेताओं बसंत कुमार, सम्मी बोहत, साहून खान, धर्मेंद्र जिंगाला, भारत कांगड़ा, ज्ञानचंद, तेजपाल, सीमा देवी, अनीता और पिंकी ने आरोप लगाया कि हड़ताल के दौरान सफाई व्यवस्था के नाम पर फर्जी बिल बनाकर कुछ ठेकेदारों और अधिकारियों द्वारा सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। संघ ने इस अवधि में किए गए सभी भुगतानों की जांच कराने की मांग की।
कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस की सहायता से कूड़ा उठवाने का दिखावा किया जा रहा है, जबकि हड़ताली महिलाओं और बुजुर्ग कर्मचारियों को हिरासत में लेकर प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय विभाग के कर्मचारी सड़कों पर हैं और आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार समाधान निकालने में विफल रही है।
संघ ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री पर भी वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से वार्ता कराने का उनका आश्वासन अभी तक पूरा नहीं हुआ। किसान, मजदूर, सीटू तथा विभिन्न दलित और सामाजिक संगठनों ने भी कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया है।
कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 6 सितंबर तक मांगों का सम्मानजनक समाधान नहीं निकला तो हड़ताल को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाया जा सकता है।








