लॉर्ड स्वराज पॉल की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धापूर्वक स्मरण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कैपरो मारुति मुख्यालय में श्रद्धांजलि सभा एवं हवन यज्ञ आयोजित

उद्योग जगत में उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा : विनोद बापना

गुरुग्राम (जतिन राजा)। विश्व प्रसिद्ध उद्योगपति, दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता तथा कैपरो समूह के संस्थापक एवं चेयरमैन स्वर्गीय लॉर्ड स्वराज पॉल की प्रथम पुण्यतिथि पर कैपरो मारुति के मुख्यालय एवं मुख्य संयंत्र में श्रद्धांजलि सभा और हवन यज्ञ आयोजित किया गया।

इस अवसर पर कैपरो मारुति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा भारतीय उद्योग परिसंघ की हरियाणा परिषद के वरिष्ठ सदस्य विनोद बापना सहित कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लॉर्ड स्वराज पॉल को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभी ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

वैश्विक पहचान दिलाने वाला दूरदर्शी नेतृत्व

विनोद बापना ने कहा कि लॉर्ड स्वराज पॉल भारतीय एवं वैश्विक उद्योग जगत की महान शख्सियत थे। उन्होंने अपनी दूरदृष्टि, नेतृत्व क्षमता और दृढ़ संकल्प के बल पर कैपरो समूह को यूरोप, अमेरिका और दुबई सहित विश्व के अनेक हिस्सों में प्रतिष्ठित औद्योगिक समूह के रूप में स्थापित किया।

उन्होंने कहा कि लॉर्ड स्वराज पॉल का जीवन उद्योग जगत के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व, मानवीय मूल्यों और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण रहा। उनके नेतृत्व में ईमानदारी, विनम्रता, अनुशासन, उत्कृष्टता और मानवीय संवेदनशीलता जैसे मूल्यों को विशेष महत्त्व दिया गया। यही मूल्य आज भी कैपरो समूह की कार्यसंस्कृति और विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं।

उद्योग, राजनीति और समाज के बीच बने सेतु

बापना ने कहा कि लॉर्ड स्वराज पॉल का प्रभाव केवल उद्योग और व्यवसाय तक सीमित नहीं था। भारतीय एवं ब्रिटिश सार्वजनिक जीवन में उनका व्यापक संपर्क और प्रभाव रहा। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं के साथ उनके सम्मानपूर्ण संबंध थे। अपने अनुभव, संवाद क्षमता और दूरदर्शी सोच के कारण उन्होंने उद्योग, राजनीति और समाज के बीच एक महत्त्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाई।

कैपरो परिवार का मार्गदर्शन करती रहेगी विरासत

विनोद बापना ने कहा कि लॉर्ड स्वराज पॉल की विरासत केवल एक सफल औद्योगिक समूह के निर्माण तक सीमित नहीं है। उन्होंने जिस नेतृत्व संस्कृति और मानवीय मूल्यों की स्थापना की, वे आने वाली पीढ़ियों का भी मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनके विचार, सिद्धांत और कार्यशैली कैपरो परिवार के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

उन्होंने कहा कि लॉर्ड स्वराज पॉल का जीवन संघर्ष, साहस, दूरदृष्टि और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण का प्रतीक था। उन्होंने अनेक लोगों को आगे बढ़ने का अवसर दिया तथा अपने कार्यों से उद्योग और समाज पर अमिट छाप छोड़ी।

बापना ने कहा, “लॉर्ड स्वराज पॉल आज भौतिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, मूल्य, नेतृत्व और प्रेरणादायी विरासत सदैव जीवित रहेंगे। उनके स्थापित आदर्शों एवं मूल्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!