नगरपालिका कर्मचारियों की मांगों का तत्काल समाधान करे सरकार : एआईयूटीयूसी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बारिश के बाद सड़कों पर फैली गंदगी से हालात बदतर, सरकारी लापरवाही का खामियाजा भुगत रही जनता : श्रवण कुमार

गुड़गांव, 22 अगस्त। केंद्रीय ट्रेड यूनियन ऑल इंडिया यूनाइटेड ट्रेड यूनियन सेंटर (एआईयूटीयूसी) ने नगरपालिका कर्मचारियों की मांगों को लेकर जारी हड़ताल का समर्थन किया है। संगठन ने हरियाणा सरकार से कर्मचारियों की न्यायसंगत मांगों का तत्काल समाधान कर शहरों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

एआईयूटीयूसी के गुड़गांव जिला सचिव कामरेड श्रवण कुमार ने कहा कि नगरपालिका कर्मचारी करीब 15 दिनों से हड़ताल पर हैं। इसके कारण सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े के ढेर लग गए हैं। कई स्थानों पर कूड़ा सड़कों तक फैल चुका है और पशु उसमें मुंह मार रहे हैं। इससे दुर्गंध, संक्रमण और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

बारिश ने बढ़ाई परेशानी

श्रवण कुमार ने कहा कि शुक्रवार रात हुई बारिश ने पहले से बिगड़ी सफाई व्यवस्था को और बदतर बना दिया। बारिश का पानी सड़कों पर जमा कूड़े और गंदगी को पूरे क्षेत्र में फैला रहा है। अपर्याप्त जल निकासी और जगह-जगह जमा कचरे के कारण लोगों का आवागमन भी मुश्किल हो गया है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन के पास बारिश के पानी की निकासी के लिए पर्याप्त एवं प्रभावी ढांचा नहीं है। दूसरी ओर, हड़ताल के कारण सड़कों पर जमा कूड़े ने स्थिति को गंभीर बना दिया है। इसका सीधा खामियाजा आम जनता भुगत रही है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति के लिए नगरपालिका कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराना अनुचित है। सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करना सरकार एवं प्रशासन की जिम्मेदारी है। सरकार ने समय रहते कर्मचारियों की मांगों का समाधान किया होता तो उन्हें दोबारा हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता।

मई के समझौते पर वादाखिलाफी का आरोप

श्रवण कुमार ने बताया कि मई में भी नगरपालिका कर्मचारियों ने इन्हीं मांगों को लेकर लगभग 15 दिनों तक हड़ताल की थी। उस समय सरकार के साथ हुई वार्ता में दो महीने के भीतर मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया गया था। निर्धारित समय बीतने के बावजूद प्रमुख मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में रोष बढ़ा और उन्हें दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब सफाई का काम स्थायी और आवश्यक प्रकृति का है तो इसे करने वाले कर्मचारियों की नौकरी अस्थायी क्यों रखी जा रही है? वर्षों से शहरों की सफाई संभाल रहे कर्मचारियों की नियमितीकरण की मांग अनुचित नहीं कही जा सकती। सरकार को ठेकेदारी और अस्थायी रोजगार व्यवस्था समाप्त कर कर्मचारियों को नियमित रोजगार, सम्मानजनक वेतन तथा सुरक्षित सेवा शर्तें देनी चाहिए।

बहादुरगढ़ विधायक के कथित व्यवहार की निंदा

श्रवण कुमार ने आरोप लगाया कि अपनी समस्याएं लेकर बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून के पास पहुंचे नगरपालिका कर्मचारियों के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें धमकाया गया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि से अपेक्षा होती है कि वह कर्मचारियों की समस्याएं गंभीरता से सुने और उनकी आवाज विधानसभा में उठाए।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के बजाय उन्हें कथित रूप से धमकाना निंदनीय और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। इससे नगरपालिका कर्मचारियों के साथ आम लोगों में भी रोष है।

एआईयूटीयूसी ने सरकार से पूर्व में हुए समझौते को लागू करने, नगरपालिका कर्मचारियों को नियमित करने और उनकी सेवा संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की। संगठन ने प्रशासन से सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की भी अपील की।

श्रवण कुमार ने आम जनता से नगरपालिका कर्मचारियों की मांगों को समझने और उनके समाधान के लिए सरकार एवं प्रशासन पर दबाव बनाने का आह्वान किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!