कैथल में कांग्रेस का संगठनात्मक मंथन, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का संकल्प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने कैथल, कलायत, गुहला व पुंडरी के नेताओं-कार्यकर्ताओं से किया संवाद

‘छात्रों की गूंज’ अभियान और छात्र साहिल लोचब पर कथित पुलिस कार्रवाई का मुद्दा भी उठा

चंडीगढ़/कैथल, 21 अगस्त। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को कैथल जिले का दौरा कर कैथल, कलायत, गुहला तथा पुंडरी विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान संगठन की स्थिति, आगामी रणनीति और जमीनी स्तर पर कांग्रेस को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठकों में विधानसभा से बूथ स्तर तक संगठन को प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रदेश नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और संगठनात्मक अनुभव भी जाने।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनता के साथ निरंतर संपर्क से ही संगठन मजबूत होगा। पार्टी का लक्ष्य प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तर तक सक्रिय एवं प्रभावी संगठन खड़ा करना है।

जिला कार्यकारिणी की गतिविधियों की समीक्षा

इससे पहले गुरुवार शाम कैथल में जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसमें जिला संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और प्रत्येक बूथ तक कांग्रेस की पहुंच मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान तथा प्रदर्शनकारी छात्रों के विरुद्ध कथित पुलिस कार्रवाई का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

छात्र साहिल को न्याय दिलाने की मांग

कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रवाद की बात करने वाले लोग युवाओं की आवाज दबा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 19 दिनों तक संसद में क्यों नहीं आए और छात्रों पर पैलेट गन चलाए जाने के आरोपों पर देश को जवाब क्यों नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा कि घायल छात्र साहिल लोचब और उनकी मां प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें न्याय पाने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।

कांग्रेस के अनुसार, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी साहिल लोचब के साथ संसद मार्ग स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और कथित पुलिस बर्बरता के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। पार्टी ने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल होने के कारण साहिल की एक आंख की रोशनी खतरे में है।

कांग्रेस नेतृत्व ने मांग की कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक जांच कराई जाए और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए।

बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा संगठन विस्तार

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी जनता और कार्यकर्ताओं से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को मजबूती से उठाएगी। संगठन का विस्तार केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से नियमित संवाद और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं समझने और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने का आह्वान किया। बैठकों में विधानसभा, मंडल, ब्लॉक और बूथ स्तर पर नियमित संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर विधायक आदित्य सुरजेवाला, विकास सहारण एवं देवेंद्र हंस, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर, पूर्व विधायक सुल्तान सिंह जड़ौला, जोगीराम एवं रणधीर गोलन, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के समन्वयक एवं कनेक्ट सेंटर प्रभारी दीपक लांबा, सुदीप सुरजेवाला और कविराज शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!