सीडब्ल्यूसी में शिक्षा-रोजगार, पेपर लीक, राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति पर मंथन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सैलजा ने कहा- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के लिए देश से माफी मांगे भाजपा सरकार

दिल्ली/चंडीगढ़, 20 अगस्त। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने कहा कि देश की जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों पर भाजपा सरकार जवाबदेही से बच रही है। युवाओं के भविष्य, शिक्षा और रोजगार, पेपर लीक एवं भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, बढ़ती बेरोजगारी, महंगी उच्च शिक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कांग्रेस आने वाले समय में मजबूती से संघर्ष करेगी। युवाओं के भविष्य के साथ हुए खिलवाड़ के लिए भाजपा सरकार को देश से माफी मांगनी चाहिए।

सांसद कुमारी सैलजा पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में सीपीपी चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की महत्वपूर्ण बैठक में देश के सामने खड़े गंभीर मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। बैठक में उन जनहित के विषयों को लेकर भी चर्चा हुई, जिन पर कांग्रेस आने वाले दिनों में जनता के बीच जाकर संघर्ष को और तेज करेगी।

कुमारी सैलजा ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। एक ओर उच्च शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है, दूसरी ओर पढ़ाई पूरी करने के बाद भी सम्मानजनक रोजगार नहीं मिल रहा। एनईईटी सहित विभिन्न परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में सामने आने वाली अव्यवस्थाओं एवं अनियमितताओं ने लाखों युवाओं और उनके परिवारों का विश्वास कमजोर किया है।

सांसद ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बैठक में युवाओं के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक स्पष्ट, व्यापक और समयबद्ध “एजुकेशन टू एम्प्लॉयमेंट रोडमैप की आवश्यकता पर बल दिया। कांग्रेस शिक्षा से रोजगार तक ऐसी व्यवस्था की पक्षधर है, जिसमें युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें।

राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवाल पर कुमारी सैलजा ने कहा कि चीन के साथ सीमा की वास्तविक स्थिति केंद्र सरकार को पूरी पारदर्शिता के साथ देश के सामने रखनी चाहिए। राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय पर किसी प्रकार की अस्पष्टता नहीं होनी चाहिए। विदेश नीति में भी भारत के राष्ट्रीय हित और सम्मान सर्वोपरि होने चाहिए। अमेरिका सहित किसी भी देश के सामने भारत के हितों से समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।

सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि राम मंदिर से जुड़े चंदे एवं बहुमूल्य सामग्री के लेखा-जोखा को लेकर यदि सवाल उठ रहे हैं तो पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े विषय में उठने वाले सवालों का तथ्यात्मक जवाब देश के सामने आना चाहिए।

कुमारी सैलजा ने कहा कि सीडब्ल्यूसी की बैठक ने आने वाले समय में कांग्रेस के संघर्ष की दिशा स्पष्ट कर दी है। शिक्षा, रोजगार, युवाओं के भविष्य, परीक्षाओं में पारदर्शिता, बेरोजगारी, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस सड़क से संसद तक आवाज बुलंद करेगी और भाजपा सरकार की जवाबदेही तय करेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!