एनफोर्समेंट कार्रवाई के बाद जीएमडीए ने मलबा हटाने का अभियान तेज किया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*ओल्ड रेलवे रोड व आसपास के क्षेत्रों में सीएंडडी कचरे की सफाई; अतिक्रमण मुक्त कराए गए स्थलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित*

*गुरुग्राम, 21 अगस्त*: गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा हाल ही में चलाए गए एनफोर्समेंट अभियानों के बाद अब अतिक्रमण मुक्त कराए गए क्षेत्रों से कंस्ट्रक्शन एवं डिमोलिशन (सीएंडडी) वेस्ट और मलबा हटाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। ओल्ड रेलवे रोड सहित आसपास के क्षेत्रों में मलबे की व्यवस्थित सफाई के लिए जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को तैनात किया गया है।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा के निर्देशानुसार, एनफोर्समेंट कार्रवाई के बाद खाली कराए गए क्षेत्रों की नियमित निगरानी भी की जा रही है। डीटीपी जीएमडीए श्री आर.एस. बाठ के समन्वय में फील्ड टीमों को क्षेत्रों के निरीक्षण, निगरानी तथा मलबा हटाने के कार्य में लगाया गया है।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा ने कहा कि अवैध अतिक्रमण हटाना ही एनफोर्समेंट कार्रवाई का अंतिम चरण नहीं है, बल्कि अतिक्रमण मुक्त कराए गए स्थलों को तत्काल साफ कर आमजन के उपयोग के लिए बहाल करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाए जाने के बाद उत्पन्न मलबे को बिना देरी के हटाकर सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जीएमडीए द्वारा निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि अतिक्रमण मुक्त कराई गई सरकारी भूमि और सड़क के राइट ऑफ वे पर दोबारा कब्जा न हो तथा वाहन चालकों और पैदल यात्रियों की आवाजाही सुचारू बनी रहे।

*प्रमुख क्षेत्रों का किया गया निरीक्षण*

गुरुवार से जीएमडीए की टीमों द्वारा उन प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है, जहां हाल ही में एनफोर्समेंट अभियान चलाकर अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण हटाए गए थे। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर यह पाया गया कि संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं ने स्वयं ही टिन शेड, ईंटों और अन्य सामग्री को हटाना शुरू कर दिया है।

जीएमडीए अधिकारियों ने ऐसे संबंधित लोगों को शेष मलबा हटाने तथा उपयोगी सामग्री को अलग करने के लिए दो दिन का समय दिया है। इसके बाद जहां भी आवश्यकता होगी, प्राधिकरण द्वारा मलबा हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि सभी संबंधित स्थलों को पूरी तरह साफ कर व्यवस्थित किया जा सके।

*ओल्ड रेलवे रोड पर मलबा हटाने का अभियान तेज*

ओल्ड रेलवे रोड और आसपास के क्षेत्रों में सीएंडडी वेस्ट को व्यवस्थित रूप से हटाने के लिए जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को तैनात किया गया है। एनफोर्समेंट अभियानों के तहत चिन्हित सभी स्थलों पर मलबा हटाने की कार्रवाई चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगी।

अथॉरिटी द्वारा एनफोर्समेंट कार्रवाई के साथ-साथ मलबा हटाने और क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अतिक्रमण हटाए जाने के बाद सार्वजनिक स्थान लंबे समय तक साफ और व्यवस्थित रहें तथा दोबारा किसी प्रकार का अतिक्रमण या अवरोध उत्पन्न न हो।

*गुरुग्राम के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रवर्तन कार्रवाई*

हाल के दिनों में जीएमडीए द्वारा गुरुग्राम के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में व्यापक एनफोर्समेंट अभियान चलाए गए हैं। इनमें ओल्ड रेलवे रोड, सेक्टर-3ए/4, सेक्टर-4/7 तथा सेक्टर-4/9 की डिवाइडिंग रोड सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं।

इसके अलावा अतुल कटारिया चौक से शीतला माता रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर भी एनफोर्समेंट कार्रवाई की गई, जिसमें सेक्टर-7, सेक्टर-9, सेक्टर-9ए, रेलवे रोड तथा रेजांगला चौक तक के हिस्से शामिल हैं।

इन अभियानों के दौरान जीएमडीए की टीमों द्वारा सरकारी भूमि एवं सड़क के राइट ऑफ वे पर किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए अवैध शेड, रैंप, रेहड़ी-खोखे तथा अन्य अवरोधों को हटाया गया। इसके साथ ही खाली कराए गए स्थलों से मलबा हटाकर उन्हें पुनः व्यवस्थित करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

श्री मीणा ने कहा कि जीएमडीए का एनफोर्समेंट अभियान एक सतत प्रक्रिया के रूप में जारी रहेगा। इसके तहत अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ नियमित निगरानी, मलबा हटाने और खाली कराए गए सार्वजनिक स्थलों की बहाली पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एनफोर्समेंट कार्रवाई के माध्यम से खाली कराई गई सरकारी भूमि और राइट ऑफ वे को दोबारा अतिक्रमण, सीएंडडी कचरे अथवा किसी अन्य प्रकार के अवरोध से मुक्त रखा जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!