हरियाणा में 6 आईएएस और 10 एचसीएस अधिकारियों के तबादले

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शरणदीप कौर बराड़ को हरियाणा राज्य भंडारण निगम की कमान, मनीष शर्मा एचएसवीपी मुख्यालय के प्रशासक नियुक्त

मानेसर में दर्शन यादव और लोकेश की जिम्मेदारियां बदलीं; सुरेश रावेश के नियुक्ति आदेश बाद में होंगे जारी

चंडीगढ़, 20 अगस्त। हरियाणा सरकार ने गुरुवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए छह आईएएस और दस एचसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

वरिष्ठ आईएएस विजय सिंह दहिया अब स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव के साथ पशुपालन विभाग और नागरिक उड्डयन विभाग के प्रधान सचिव का कार्यभार संभालेंगे। उन्हें खेल विभाग के प्रधान सचिव पद से मुक्त कर दिया गया है।

अमनीत पी. कुमार को वर्तमान जिम्मेदारियों के अतिरिक्त खेल विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। वह भविष्य विभाग और विदेशी सहयोग विभाग के प्रधान सचिव का दायित्व भी संभालती रहेंगी।

आईएएस राजीव रत्तन को वर्तमान कार्यभार के साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के महानिदेशक का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। इस पद से जयदीप कुमार को मुक्त किया गया है।

केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद शरणदीप कौर बराड़ को हरियाणा राज्य भंडारण निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। मनीष शर्मा को एचएसवीपी मुख्यालय, पंचकूला का प्रशासक नियुक्त किया गया है। दीपक बाबूलाल करवा को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी का सचिव बनाया गया है।

मानेसर नगर निगम में अधिकारियों की अदला-बदली

मानेसर के उपमंडल अधिकारी (नागरिक) दर्शन यादव को नगर निगम मानेसर का संयुक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है। वह इस पद पर लोकेश का स्थान लेंगे। वहीं, नगर निगम मानेसर के संयुक्त आयुक्त लोकेश को मानेसर का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) बनाया गया है।

एचसीएस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां

ममता को अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) तथा हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

मीनाक्षी राज को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त सचिव बनाया गया है। वह समाधान प्रकोष्ठ का कार्य भी देखेंगी। उन्हें भूमि जोत चकबंदी एवं भू-अभिलेख विभाग की अतिरिक्त निदेशक की जिम्मेदारी भी दी गई है।

वीरेंद्र चौधरी को शहरी स्थानीय निकाय विभाग का अतिरिक्त निदेशक और दीपक कुमार को आयुष विभाग का संयुक्त निदेशक (प्रशासन) नियुक्त किया गया है।

जीतेंद्र जोशी को उच्चतर शिक्षा विभाग का संयुक्त निदेशक (प्रशासन) एवं उप सचिव बनाया गया है। जय प्रकाश को हरियाणा भवन, नई दिल्ली का संयुक्त स्थानिक आयुक्त नियुक्त किया गया है।

गुलजार मलिक को जिला परिषद कैथल और जिला ग्रामीण विकास अभिकरण का मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है। वह सुरेश रावेश का स्थान लेंगे। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सुरेश रावेश की नई नियुक्ति के आदेश बाद में जारी किए जाएंगे। तब तक उन्हें कार्यभार छोड़कर मुख्य सचिव कार्यालय में अपनी ज्वाइनिंग रिपोर्ट देनी होगी।

नीरज शर्मा को प्रारंभिक शिक्षा विभाग का संयुक्त निदेशक (प्रशासन) बनाया गया है। वह हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सचिव (कानूनी) का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालते रहेंगे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!