फतेहाबाद में कांग्रेस का संगठनात्मक मंथन, बूथ मजबूती और मतदाता सूची पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भाजपा युवाओं की आवाज से घबराकर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में डाल रही अड़चनें : संजय दत्त

हर पात्र मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर पर निगरानी कर रही कांग्रेस : राव नरेंद्र सिंह

फतेहाबाद/चंडीगढ़, 20 अगस्त। हरियाणा कांग्रेस मामलों के प्रभारी संजय दत्त और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने गुरुवार को फतेहाबाद में फतेहाबाद, रतिया और टोहाना विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक संवाद किया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक भी आयोजित की गई।

बैठकों में संगठन को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर उनके चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।

युवाओं की आवाज दबा नहीं सकती भाजपा : संजय दत्त

हरियाणा कांग्रेस मामलों के प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित किए जा रहे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर भाजपा सरकार घबराई हुई है। सरकार लगातार कार्यक्रम में अड़चनें पैदा करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कोटा, देहरादून और प्रयागराज में कार्यक्रमों में व्यवधान डालने की कोशिश की गई। अब 22 अगस्त को पुणे में प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले एक स्थान पर पांच से अधिक लोगों के एकत्र होने पर 14 दिनों का प्रतिबंध लगाया गया है।

संजय दत्त ने सवाल किया कि भाजपा सरकार देश के युवाओं से इतना क्यों डरती है। उन्होंने कहा, “भाजपा जितनी अधिक अड़चनें पैदा करेगी, ‘छात्रों की गूंज’ की आवाज उतनी ही मजबूती से उठेगी। युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और पुणे का कार्यक्रम पूरी मजबूती के साथ सफल होगा।”

उन्होंने दावा किया कि देशभर में लाखों युवा इस अभियान से जुड़ चुके हैं और आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ेगी। पुणे का कार्यक्रम विशेष रूप से छात्राओं के लिए आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की बेटियां न रुकेंगी, न झुकेंगी और न थमेंगी।

एसआईआर की बूथ स्तर तक निगरानी : राव नरेंद्र सिंह

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण—एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार शाम मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर अपनी मांगें, आपत्तियां और चिंताएं उनके सामने रखी हैं।

उन्होंने कहा कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और लोकतांत्रिक होनी चाहिए। किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से बाहर नहीं होना चाहिए। मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है और किसी पात्र नागरिक का नाम हटाया जाना उसके मताधिकार से जुड़ा गंभीर विषय है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस बूथ स्तर तक एसआईआर की निगरानी कर रही है। पार्टी कार्यकर्ता मतदाता सूचियों की जांच कर रहे हैं। किसी पात्र मतदाता का नाम हटाए जाने अथवा अन्य अनियमितता का मामला सामने आने पर उसे चुनाव आयोग के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की बारीकी से जांच करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में बनाए रखना और किसी को भी मताधिकार से वंचित नहीं होने देना है।

जनता के मुद्दे उठाएगा मजबूत संगठन

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस संगठन को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ताओं के माध्यम से पार्टी जनता से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को प्रभावी ढंग से उठाएगी।

बैठक में विधायक परमवीर सिंह और बलवान सिंह दौलतपुरिया, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव डॉ. विनीत पूनिया, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरविंद शर्मा, पूर्व विधायक प्रहलाद सिंह गिलाखेड़ा एवं सरदार निशान सिंह, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समन्वय एवं संपर्क केंद्र प्रभारी दीपक लांबा सहित अग्रणी संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!