मानसून सत्र की तैयारियों को लेकर विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने की समीक्षा बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के दिए निर्देश,

कहा-छोटे-छोटे सुधार से आते हैं बड़े बदलाव

चंडीगढ़, 20 अगस्त। हरियाणा विधान सभा के मानसून सत्र को सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने वीरवार को विधान सभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सत्र से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि मानसून सत्र की गरिमा और कार्यवाही की सुचारूता को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ की जाएं। उन्होंने सचिवालय की सभी शाखाओं को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सत्र शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह मुकम्मल हों। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सुधारों से बड़े बदलाव आते हैं। सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने कार्य की स्पष्टता रहनी चाहिए और हमारा प्रयास रहना चाहिए कि हर सत्र पिछले सत्र से बेहतर हो। व्यवस्था के नाते हमसे जो अपेक्षाएं रहती हैं, उन पर खरा उतरें।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सत्र के दौरान सदस्यों, मीडिया तथा आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित व्यवस्थाओं की समय रहते समीक्षा कर ली जाए। उन्होंने विशेष रूप से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और संभावित आवश्यकताओं को पहले से चिह्नित कर उनका समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। विधान सभा कर्मचारी सदस्यों व आगंतुकों के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार रखें।

विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि सत्र की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कमी की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी अपने दायित्वों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें, ताकि सदन की कार्यवाही निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्बाध रूप से संचालित हो सके।

गौरतलब है कि हरियाणा सरकार की ओर से 27 अगस्त से विधान सभा का मानसून सत्र बुलाए जाने की घोषणा की गई है। सत्र को देखते हुए विधान सभा सचिवालय में विभिन्न स्तरों पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस अवसर विधान सभा सचिव डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया, अध्यक्ष के सलाहकार राम नारायण यादव समेत अनेक अधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!