रोहतक में 15 दिन से खाली DC पद पर नवीन जयहिंद ने उठाए सवाल
मैं अंधा नहीं हूं, रोहतक के चार विधायक और बड़े नेता आंखों पर पट्टी बांधे बैठे हैं : जयहिंद
अगर सरकार DC नहीं बैठा सकती, तो जनता की तरफ से हम खुद DC बैठा देंगे : जयहिंद
रोहतक 19 अगस्त – रोहतक में DC का पद पिछले करीब 15 दिनों से खाली होने का मुद्दा उठाते हुए नवीन जयहिंद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार और रोहतक के जनप्रतिनिधियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण जिले में DC का पद लंबे समय तक खाली रहना जनता के हित में नहीं है और इससे प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है।
आंखों पर पट्टी बांधकर बोले – ‘अंधा मैं नहीं, नेता हैं : जयहिंद
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जयहिंद ने आंखों पर पट्टी बांध रखी थी। उन्होंने कहा कि लोगों को लग रहा होगा कि वह अंधे हैं, लेकिन
अंधा मैं नहीं हूं, अंधे तो रोहतक के नेता हैं। उन्होंने कहा कि रोहतक में DC की कुर्सी खाली पड़ी है और शहर को “अनाथ” बना रखा है।
जयहिंद ने DC की भर्ती’ निकालकर सरकार पर कसा तंज
जयहिंद ने तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने DC की भर्ती निकाली है। उनके मुताबिक DC के लिए योग्यता 5 किलो देसी घी और उम्र 40 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। उन्होंने 40 वर्ष से कम उम्र के लोगों को लेकर भी अपने अंदाज में तंज कसा और कहा कि वे छुट्टियों में फोन में ज्यादा लगे रहते हैं और जनता के सामने आने पर परेशान हो जाते हैं।
DC ऑफिस के सामने जयहिंद की मुनादी की चेतावनी
उन्होंने कहा कि कल 24 घंटे बाद DC ऑफिस के सामने मुनादी करवा दी जाएगी। उनका कहना था कि पिछले 15 दिनों से लोग शिकायतें लेकर उनके पास आ रहे हैं और उन्हें पता चला कि रोहतक में कोई DC आने को तैयार नहीं है।
जयहिंद ने CM से की काम करने वाले DC की नियुक्ति की मांग
नवीन जयहिंद ने मुख्यमंत्री से मांग की कि रोहतक के लिए ऐसा DC भेजा जाए जो व्यवहारिक हो, काम करने वाला हो और केवल “गोलीबाज” न हो। उन्होंने आशंका जताई कि अगर अब DC नियुक्त किया जाता है तो पिछले 15 दिनों का लंबित काम निपटाने में उसे दो महीने तक लग सकते हैं।
रोहतक के नेताओं पर भी जयहिंद ने साधा निशाना
उन्होंने रोहतक के चारों विधायकों, पूर्व मुख्यमंत्रियों, पूर्व सांसदों और वर्तमान मंत्रियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतने बड़े नेताओं के बावजूद DC की कुर्सी खाली है। जयहिंद ने आरोप लगाया कि राजनीतिक खींचतान के कारण DC की नियुक्ति नहीं हो पा रही है और नेताओं के बीच इस बात को लेकर खींचतान है कि मेरा DC आएगा।
5 किलो घी’ वाली योग्यता पर जयहिंद ने कसा तंज
जयहिंद ने तंज कसते हुए कहा कि 5 किलो घी की योग्यता इसलिए रखी है क्योंकि इन अंधे नेताओं का काम एक-एक किलो घी में हो जाएगा।
सरकार नहीं बैठा सकती तो जनता खुद DC बैठाएगी : जयहिंद
जयहिंद ने कहा कि रोहतक हरियाणा का प्रमुख शहर है और यहां प्रशासनिक व्यवस्था इस तरह खाली नहीं छोड़ी जा सकती। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द DC की नियुक्ति करने की मांग की और कहा कि अगर सरकार के पास योग्य व्यक्ति नहीं है, तो जनता की तरफ से हम खुद DC बैठा देंगे।








