मुख्यमंत्री 21 को गुरुग्राम में जेन-जी एंटरप्रोन्योर्स के साथ करेंगे सीधा संवाद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश, कार्यक्रम में न की जाए कोई औपचारिकता, वे बिना औपचारिकता पूरा समय युवाओं के साथ बिताएंगे

अपना स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लिए मास्टर क्लास रूम व स्टार्टअप रूम स्थापित किए जाएंगे

मुख्यमंत्री ‘युवा उद्यमी यात्रा’ को दिखाएंगे हरी झंडी, यात्रा की बसें स्टार्टअप को जीरो से सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रदेश भर के युवाओं का करेंगी मार्गदर्शन

चंडीगढ़, 19 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 21 अगस्त को गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में जेन-जी एंटरप्रोन्यार्स के साथ सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान सफल युवा उद्यमियों द्वारा अपना स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक युवाओं को न केवल स्टार्टअप की स्थापना के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा बल्कि स्टार्टअप के लिए धनराशि, तकनीकी सहायता प्राप्त करने सहित अन्य पहलुओं के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित बैठक के दौरान अधिकारियों ने इस कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री वीरेंद्र बड़खालसा, डॉ. राज नेहरू, अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी अनुपमा, श्री एके सिंह तथा ओएसडी श्री विवेक कालिया भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जेन-जी के साथ किया जाने वाले इस कार्यक्रम में किसी औपचारिकता के बिना युवाओं के साथ सीधा संवाद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की शुरूआत से लेकर समापन तक वे बिना औपचारिकता, युवाओं के साथ रहना और उनसे बात करना चाहते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में 6 मास्टर क्लास रूम स्थापित किए जाएंगे जिनमें सफल उद्यमी एक्सपर्ट के तौर पर 50-50 बच्चों के गु्रप को स्टार्टअप की स्थापना व अन्य पहलुओं के संबंध में प्रशिक्षण देंगे और उन्हें बताएंगे कि किस प्रकार किसी स्टार्टअप को जीरो से लेकर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को सर्टिफिकेट भी प्रदान किए जाएंगे। बाद में इन युवाओं को एमएसएमई से लिंक किया जाएगा जहां ये स्टार्टअप का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करेंगे।

इसके अलावा इस कार्यक्रम में एक स्टार्टअप रूम भी स्थापित किया जाएगा जहां 60 सफल उद्यमी युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने के गुर बताएंगे। इस दौरान बैकों द्वारा ऋण संबंधी तथा कौशल विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों द्वारा भी युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा विभाग, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी युवा उद्यमी यात्रा के अंतर्गत 2 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ये बसें गुरुग्राम से चलकर प्रदेश के प्रत्येक जिला में कॉलेज, विश्वविद्यालयों, आईटीआई, कोचिंग संस्थानों आदि के विद्यार्थियों को स्टार्टअप व एंटरप्रोन्योशिप के संबंध में जागरूक करेगी और स्टार्टअप शुरू करने वाले छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनकी विशेष रूप से मदद करेंगी। यह यात्रा दिसंबर तक चलेगी। यात्रा के समापन पर दिसंबर में जेन-जी के लिए एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें ‘युवा उद्यमी यात्रा’ से लाभांवित हुए युवा भागीदारी करेंगे।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ‘युवा उद्यमी यात्रा’ के शुरू होने से पहले ही बसों का रूट तय करके यात्रा के संबंध में सभी जिलों के शिक्षण संस्थानों को अग्रिम रूप से सूचित किया जाए और जिस शिक्षण संस्थान में बस जाए वहां के विद्यार्थियों को भी यह जानकारी दी जाए कि वे अपने स्टार्टअप के आइडिया को मूर्त रूप देने के लिए किस प्रकार इस यात्रा से लाभ प्राप्त कर सकते हैं। यात्रा से लाभांवित युवाओं का रजिस्ट्रेशन किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी युवा उद्यमी यात्रा का कार्यक्रम हो वहां प्रदर्शनी लगाई जाए, ऋण आदि की जानकारी देने के लिए बैंकों का स्टॉल लगवाया जाए तथा युवाओं को यह जानकारी भी दी जाए कि यदि बाद में भी वे किसी प्रकार की जानकारी लेना चाहते हैं तो उन्हें कहां संपर्क करना होगा।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आने वाला समय नई तकनीक, नई प्रौद्योगिकी और नई सोच का समय है और हमारा युवा वर्ग नौकरी मांगने से ज्यादा अपना उद्यम स्थापित कर नौकरियां पैदा करने की सोच रखता है। युवाओं की इसी सोच और उनके सपनों को साकार करने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार इनकी हर संभव मदद करेगी। इस दिशा में जेन-जी के साथ आयोजित किया जाने वाला यह कार्यक्रम अपना स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लिए बहुत महत्वपूर्ण होगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!