सामाजिक और वैवाहिक मुद्दों पर मुख्यमंत्री से मिली 21 सदस्यीय कमेटी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लिव-इन रिलेशनशिप, हिंदू विवाह अधिनियम में संशोधन और प्रेम विवाह में माता-पिता की सहमति पर हुई चर्चा

22 अगस्त को अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला में होने वाली बैठक में सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण बेदी सुनेंगे प्रतिनिधियों के सुझाव

कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक, 19 अगस्त। अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला कुरुक्षेत्र में 11 से 13 जून तक आयोजित सर्वजातीय खाप सम्मेलन एवं चिंतन शिविर में उठाए गए सामाजिक और वैवाहिक मुद्दों को लेकर गठित 21 सदस्यीय कमेटी ने बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व देशवाल खाप के प्रधान चौधरी संजय देशवाल ने किया।

बैठक में खाप प्रतिनिधियों ने सम्मेलन में उठाए गए प्रमुख सामाजिक विषयों पर मुख्यमंत्री के साथ विस्तार से चर्चा की। इनमें लिव-इन रिलेशनशिप, हिंदू विवाह अधिनियम में आवश्यक संशोधन तथा प्रेम विवाह के मामलों में माता-पिता की सहमति जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।

प्रतिनिधियों ने बताया कि सम्मेलन में 36 बिरादरियों और विभिन्न खापों के प्रतिनिधियों ने इन विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया था। इसके बाद मांगों और सुझावों को सरकार के समक्ष रखने के लिए 21 सदस्यीय कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि समाज के सामने उत्पन्न हो रही विभिन्न चुनौतियों के समाधान के लिए सरकार, सामाजिक संगठनों और खाप प्रतिनिधियों के बीच निरंतर संवाद आवश्यक है। इन विषयों पर सामाजिक पहल के साथ ही कानूनी स्तर पर भी प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

मुख्यमंत्री के साथ हुई बातचीत के बाद निर्णय लिया गया कि इन सभी विषयों पर 22 अगस्त को अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला, कुरुक्षेत्र में दोबारा विस्तृत बैठक और चिंतन किया जाएगा। बैठक में हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

इस दौरान विभिन्न खापों और समाज के प्रतिनिधियों से सामाजिक एवं वैवाहिक कानूनों से जुड़े सुझाव लिए जाएंगे। बैठक में संभावित समाधानों और सरकार के स्तर पर की जाने वाली आगामी कार्रवाई पर भी विचार-विमर्श होगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!