गुरुग्राम पहुंची राजीव गांधी ज्योति सद्भावना यात्रा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

35 वर्षों से देश में भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दे रही यात्रा : वर्धन यादव

गुरुग्राम। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की स्मृति और उनके सद्भावना संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही ‘राजीव गांधी ज्योति सद्भावना यात्रा’ का बुधवार को कांग्रेस के गुरुग्राम ग्रामीण कार्यालय पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष वर्धन यादव और शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर सहित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने यात्रा का अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी अमर रहें और सद्भावना के समर्थन में नारे लगाए।

पेरंबदूर से दिल्ली तक यात्रा

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वर्धन यादव ने बताया कि यात्रा पिछले 35 वर्षों से तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर से दिल्ली तक निकाली जा रही है। श्रीपेरंबदूर में ही राजीव गांधी की हत्या हुई थी। वहां से पवित्र ज्योति लेकर यात्रा देशभर में शांति, एकता और सौहार्द का संदेश देती है।

उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना, सामाजिक सद्भाव कायम करना तथा विभिन्न वर्गों के बीच प्यार और विश्वास की भावना मजबूत करना है। वर्तमान परिस्थितियों में देश को ऐसे सद्भावना संदेशों की अधिक आवश्यकता है।

आधुनिक भारत में योगदान को किया याद

वर्धन यादव ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में राजीव गांधी का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने भारत को 21वीं सदी में ले जाने की नींव रखी और सूचना प्रौद्योगिकी तथा कंप्यूटर क्रांति को प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने संविधान संशोधन के माध्यम से मतदान की न्यूनतम आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की। इससे देश के करोड़ों युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और राष्ट्र निर्माण में प्रत्यक्ष भागीदारी का अधिकार मिला।

आज दिल्ली रवाना होगी यात्रा

शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर ने बताया कि यात्रा का रात्रि विश्राम खेड़कीदौला टोल के निकट आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में रखा गया। यात्रा गुरुवार सुबह अपने अंतिम पड़ाव दिल्ली के लिए रवाना होगी। दिल्ली पहुंचने पर इसका औपचारिक समापन होगा।

स्वागत कार्यक्रम में नूंह जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहीदा खान, अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष राजकुमार, उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार, जिला उपाध्यक्ष सतबीर पहलवान, जिला महासचिव संजय भारद्वाज, सूबे सिंह यादव, जिला सचिव दीपेश कौशिक, हरेंद्र सहरावत, राजीव यादव, आशीष धनखड़ सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!