रेवाड़ी जिले के जर्जर खेल स्टेडियमों की तत्काल मरम्मत और पर्याप्त बजट देने की मांग
शर्मिला धनखड़ की स्वर्णिम सफलता से प्रेरणा लें, खिलाड़ियों को उपकरण और प्रशिक्षक उपलब्ध कराए सरकार
रेवाड़ी, 19 अगस्त। स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से रेवाड़ी जिले के सभी बदहाल खेल स्टेडियमों की तत्काल मरम्मत कराने और आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की है।
विद्रोही ने कहा कि रेवाड़ी की पैरा एथलीट शर्मिला धनखड़ ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों की महिला शॉटपुट एफ-57 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा और देश का गौरव बढ़ाया है। भारत ने इन खेलों में कुल 39 पदक जीते, जिनमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने सात स्वर्ण सहित 10 पदक हासिल किए। इसके बावजूद प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार खिलाड़ियों की व्यक्तिगत मेहनत से मिले पदकों का श्रेय तो लेती है, लेकिन उन्हें पर्याप्त खेल मैदान, उपकरण, प्रशिक्षक और खेल अधिकारी उपलब्ध नहीं करवाती। प्रदेश के अनेक स्टेडियम जर्जर और खेलने योग्य नहीं हैं। इसके बावजूद हरियाणा के खिलाड़ी सीमित संसाधनों में अपनी मेहनत के बल पर देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
राव तुलाराम स्टेडियम का काम वर्षों से अधूरा
विद्रोही ने कहा कि प्रदेश के अन्य क्षेत्रों की तुलना में रेवाड़ी जिले में खेल सुविधाएं बेहद कम हैं। जिला मुख्यालय स्थित राव तुलाराम खेल स्टेडियम की मरम्मत का काम कई वर्षों से चल रहा है, लेकिन पर्याप्त बजट नहीं मिलने के कारण आज तक पूरा नहीं हो पाया। स्टेडियम के साथ बना खेल छात्रावास भी जर्जर अवस्था में है।
उन्होंने बताया कि धारूहेड़ा, गुरावड़ा, पाल्हावास और कोसली के खेल स्टेडियम भी बदहाल हैं। वहां खेल सुविधाएं और उपकरण उपलब्ध होना तो दूर, बड़ी-बड़ी झाड़ियां तथा घास उगी हुई हैं। ये परिसर खेल स्टेडियम कम और जंगल अधिक दिखाई देते हैं।
खिलाड़ियों की सफलता को सुविधाओं से जोड़ने की जरूरत
विद्रोही ने कहा कि जब सरकार स्टेडियमों की मरम्मत, सुधार और रखरखाव के लिए पर्याप्त बजट ही नहीं देगी तो वहां खेलों के अनुकूल वातावरण कैसे तैयार होगा? शर्मिला धनखड़ की सफलता से जिले के युवाओं को मिली प्रेरणा तभी सार्थक होगी, जब स्टेडियमों की मरम्मत कर उनमें आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षक और दूसरी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।








