हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) ने मनाया 43वां स्थापना दिवस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*स्थापना दिवस पर संस्थान के पूर्व महानिदेशकों ने साझा किए अनुभव*

गुरुग्राम, 18 अगस्त। हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) गुरुग्राम में मंगलवार को संस्थान का 43वां स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। समारोह में हिपा के पांच पूर्व महानिदेशक नामत: आर.एस. दलाल, शिव रमन गौड़, एस.पी. गुप्ता, चंद्रलेखा मुखर्जी, तथा आर.सी. बिढान ने उपस्थित होकर समारोह की गरिमा बढ़ाई।

हिपा के महानिदेशक मनोज यादव ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी पूर्व महानिदेशकों का स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि जो पूर्व महानिदेशक व्यक्तिगत रूप से समारोह में शामिल नहीं हो सके, उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व महानिदेशकों ने संस्थान से जुड़े अपने अनुभव साझा किए तथा संस्थान की विकास यात्रा और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उनके अनुभवों और विचारों ने वर्तमान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संस्थान की विरासत और कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझने का अवसर प्रदान किया।

महानिदेशक ने समारोह के दौरान हिपा में अपने योगदान के लिए पूर्व महानिदेशकों को सम्मानस्वरूप पौधे भेंट किए। इस अवसर पर संस्थान की 43 वर्षों की यात्रा, उपलब्धियों और लोक प्रशासन के क्षेत्र में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए हिपा के महानिदेशक मनोज यादव ने कहा कि हरियाणा सरकार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण के क्षेत्र में हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान की भूमिका को और अधिक मजबूत किया जाना आवश्यक है। संस्थान को एक उत्कृष्ट एवं अग्रणी क्षमता निर्माण केंद्र के रूप में निरंतर विकसित करते हुए बदलती प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाया जाना चाहिए।

उन्होंने पूर्व महानिदेशकों द्वारा संस्थान को मजबूत आधार प्रदान करने के लिए उनके योगदान की सराहना की तथा कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन संस्थान के लिए मूल्यवान धरोहर हैं।

समारोह ने संस्थान की संस्थागत विरासत और गौरवशाली यात्रा को स्मरण करने के साथ-साथ पूर्व प्रमुखों के अनुभवों से सीख लेने और भविष्य में संस्थान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का अवसर प्रदान किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!