जींद में कांग्रेस का संगठनात्मक मंथन, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चीनी, गुड़ और बादाम की कीमतों में बढ़ोतरी से बिगड़ा आम परिवारों का बजट : राव नरेंद्र सिंह

19 अगस्त को पंचकूला में होने वाले एचकेआरएन कर्मचारियों के धरने में पहुंचने का आह्वान

चंडीगढ़/जींद, 18 अगस्त। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी संजय दत्त एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को जींद में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इसमें जींद, जुलाना, नरवाना, सफीदों और उचाना विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से संवाद किया गया। जींद जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने पर मंथन हुआ।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी ने आम आदमी की रसोई और घरेलू बजट पर सीधी मार की है। उन्होंने दावा किया कि कुछ दिन पहले करीब 48 रुपये प्रति किलो बिकने वाली चीनी अब 62 से 65 रुपये तक पहुंच गई है। लगभग 15 दिन पहले 60 रुपये किलो मिलने वाला गुड़ भी अब 100 रुपये किलो तक बिक रहा है।

त्योहारों से पहले महंगाई ने बढ़ाई चिंता

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि चीनी और गुड़ के दाम बढ़ने का प्रभाव केवल चाय तक सीमित नहीं रहता। इससे मिठाई, चॉकलेट, खीर, दूध, जूस और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतें भी प्रभावित होती हैं। त्योहारी मौसम में इन वस्तुओं की मांग बढ़ने वाली है, लेकिन कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी ने आम परिवारों की चिंता बढ़ा दी है।

उन्होंने कहा कि बढ़ती कीमतों को लेकर उपभोक्ताओं के साथ व्यापारी भी चिंतित हैं। सरकार को केवल बयान देने के बजाय तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि कीमतों पर नियंत्रण रहे और त्योहारों के दौरान कालाबाजारी अथवा जमाखोरी की स्थिति पैदा न हो।

स्टॉक लिमिट के बाद भी कीमतें कम क्यों नहीं?

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि व्यापारियों और बाजार से मिल रही जानकारी के अनुसार इस वर्ष चीनी उत्पादन अनुमान से कम रहने तथा चीनी के निर्यात एवं एथेनॉल से जुड़े फैसलों को मूल्यवृद्धि का कारण बताया जा रहा है। सरकार द्वारा एक अगस्त से स्टॉक लिमिट लगाए जाने के बाद भी बाजार में कीमतें कम नहीं हुई हैं तो इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि बादाम सहित अन्य खाद्य वस्तुओं के दाम भी बढ़े हैं। करीब एक महीने पहले 900 रुपये किलो मिलने वाला बादाम अब लगभग 1,100 रुपये किलो तक पहुंच गया है। इसका सबसे अधिक असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और बढ़ते घरेलू खर्च ने पहले ही आम परिवारों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। सरकार को आंकड़ों और घोषणाओं से आगे बढ़कर बाजार की वास्तविक स्थिति देखनी चाहिए तथा लोगों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

एचकेआरएन कर्मचारियों के धरने में पहुंचने की अपील

राव नरेंद्र सिंह ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से 19 अगस्त को पंचकूला के सेक्टर-6 में एचकेआरएन कर्मचारियों के धरने में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवाओं और कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई में कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।

बैठक में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष चौधरी बीरेंद्र सिंह, सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक विनेश फोगाट, पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह, जींद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ऋषिपाल, पूर्व विधायक सुभाष गांगोली, रामभज और सतबीर दबलैन सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!