‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत गुरुग्राम जिले में एक लाख से अधिक पौधारोपण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अरावली क्षेत्र की जैव-विविधता के अनुरूप प्रजातियों को दी गई प्राथमिकता, नागरिकों की भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण को मिला जनअभियान का रूप

गुरुग्राम, 18 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत गुरुग्राम जिले में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिले में अब तक एक लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है। अभियान में सरकारी विभागों के साथ-साथ आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की और पौधारोपण को जनअभियान का रूप दिया।

*अभियान की जानकारी देते हुए जिला वन अधिकारी सुरेंद्र दांगी ने बताया कि पूरे अभियान के दौरान विभाग द्वारा करीब 1 लाख 10 हजार पौधों का रोपण किया गया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा के वन पर्यावरण एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह के निर्देशानुसार पौधारोपण में स्थानीय पर्यावरण एवं अरावली क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के पौधों को प्राथमिकता दी गई है, ताकि गुरुग्राम के हरित क्षेत्र को बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय जैव-विविधता का भी संरक्षण किया जा सके। अरावली क्षेत्र के लिए उपयोगी एवं स्थानीय परिस्थितियों में बेहतर ढंग से विकसित होने वाली प्रजातियों का चयन विशेष रूप से किया गया है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत लगभग 1 लाख 10 हजार पौधे विभाग की ओर से रोपित किए गए हैं, जबकि 10 हजार से अधिक पौधे नागरिकों द्वारा स्वयं रोपित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त वन विभाग द्वारा लगभग एक लाख पौधे नागरिकों को उपलब्ध करवाए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने घरों, संस्थानों, पार्कों तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर पौधे लगाकर इस अभियान से जुड़ सकें। इस प्रकार अभियान में सरकारी प्रयासों के साथ नागरिक सहभागिता को भी विशेष महत्व दिया गया है।

जिला वन अधिकारी ने बताया कि गुरुग्राम जिले में पौधारोपण के लिए केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहते हुए उनके संरक्षण और देखभाल पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी, सिंचाई और सुरक्षा के लिए संबंधित संस्थानों एवं नागरिकों को प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण सुनिश्चित करते हुए उन्हें वृक्ष का रूप दिया जाए।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम तेजी से विकसित होता हुआ जिला है और यहां बढ़ते शहरीकरण के बीच हरित क्षेत्र का विस्तार करना समय की आवश्यकता है। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ भावनात्मक जुड़ाव पैदा करने वाला अभियान है, जिसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक अपनी माँ के सम्मान में पौधा लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभा सकता है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस अभियान से जुड़ते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाएं और गुरुग्राम को हराभरा, स्वच्छ एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाने में अपना योगदान दें।

जिला वन अधिकारी सुरेंद्र दांगी ने कहा कि अरावली क्षेत्र गुरुग्राम की प्राकृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसके संरक्षण के लिए स्थानीय प्रजातियों एवं हरित आवरण को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा उपलब्ध करवाए जा रहे पौधों का अधिक से अधिक नागरिक लाभ उठाएं और पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण को भी अपनी जिम्मेदारी समझें। सामूहिक प्रयासों से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!