जीएमडीए ने छठे दिन 10 किमी सड़क क्षेत्र कराया अतिक्रमण मुक्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*सुभाष चौक से हीरो होंडा चौक और मेट्रोपोलिटन सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन तक चला अभियान, सेक्टर-45/46 और 46/47 की डिवाइडिंग रोड भी हुई अतिक्रमण मुक्त*

*गुरुग्राम, 17 अगस्त*। ‘अतिक्रमण मुक्त गुरुग्राम’ अभियान के छठे दिन सोमवार को जीएमडीए ने शहर में करीब 10 किलोमीटर सड़क क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया। सुभाष चौक और आसपास के प्रमुख मार्गों पर सुबह से चली कार्रवाई में अवैध शेड, झुग्गियां, नर्सरियां, फर्नीचर व अन्य अस्थायी दुकानें, भवन निर्माण सामग्री, ठेले और अवैध होर्डिंग्स हटाए गए। कार्रवाई का नेतृत्व डीटीपी एनफोर्समेंट आर.एस. बाठ ने किया, जबकि एटीपी स्तर की टीमें मौके पर निगरानी करती रहीं।

*सुभाष चौक से हीरो होंडा चौक तक 3.5 किमी क्षेत्र खाली कराया*

जीएमडीए की टीम ने सुभाष चौक से हीरो होंडा चौक तक करीब 3.5 किलोमीटर लंबे हिस्से में कार्रवाई की। इस दौरान सड़क के राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) में बने करीब 25 अस्थायी ढाबे, रेस्टोरेंट, खोखे, फर्नीचर दुकानों से जुड़े ढांचे हटाए गए। इसके अलावा दो पौध नर्सरियां और तीन भवन निर्माण सामग्री की दुकानें भी हटाई गईं।

सड़क किनारे खड़े करीब 10 अवैध रेहड़ियां भी हटाई गई । इस कार्रवाई में नगर निगम गुरुग्राम के मुख्य चिकित्सा अधिकारी की टीम ने भी सहयोग किया। कार्रवाई के बाद सड़क के दोनों ओर खाली हुए हिस्से को सार्वजनिक आवागमन के लिए उपलब्ध कराया गया।

*सुभाष चौक से हुडा सिटी सेंटर तक 4.5 किमी पर कार्रवाई*

दूसरी बड़ी कार्रवाई सुभाष चौक से हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन तक करीब 4.5 किलोमीटर क्षेत्र में की गई। यहां सड़क की निर्धारित सीमा में किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए करीब 35 अवैध शेड और उनके विस्तार तोड़े गए। इसके अलावा पांच झुग्गियां भी हटाई गईं।

अधिकारियों के मुताबिक इन अवैध ढांचों के कारण सड़क की चौड़ाई प्रभावित हो रही थी और वाहनों तथा पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अतिक्रमण हटने के बाद सड़क क्षेत्र को व्यवस्थित करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

*सेक्टर-45/46 और 46/47 में भी चला बुलडोजर*

अभियान के तहत सेक्टर-46/47 और 45/46 की डिवाइडिंग रोड पर करीब 2 किलोमीटर क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। यहां टीमों ने 15 झुग्गियां, 12 स्थायी श्रमिक झोपड़ियां व टिन शेड और दो अवैध होर्डिंग्स हटाए।

जीएमडीए की टीमों ने आरओडब्ल्यू में कब्जा कर बनाए गए इन ढांचों को हटाकर सड़क क्षेत्र को दोबारा सार्वजनिक उपयोग के लिए खाली कराया।

*अब दोबारा कब्जा करने वालों पर भी रहेगी नजर*

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि शहर की सड़कों के निर्धारित राइट ऑफ वे को स्थायी रूप से बहाल करना है। जिन क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है, वहां दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए नियमित निगरानी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सड़क और आरओडब्ल्यू का इस्तेमाल निर्धारित सार्वजनिक सुविधाओं और सुचारु आवागमन के लिए ही होना चाहिए। अभियान को आगे भी चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में जारी रखा जाएगा।

*मलबा उठाने के लिए 3-4 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां होंगी तैनात*

जीएमडीए की कार्रवाई के दौरान हटाए गए मलबे को तत्काल मौके से उठाने के लिए मंगलवार से 3-4 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां फील्ड में तैनात की जाएंगी। इससे कार्रवाई के बाद सड़क और आसपास के क्षेत्र की सफाई में तेजी आएगी तथा खाली कराए गए स्थान को दोबारा व्यवस्थित किया जा सकेगा।

डीटीपी एनफोर्समेंट आर.एस. बाठ ने बताया कि सीईओ श्री पी सी मीणा के निर्देश पर अभियान मिशन मोड में लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि आरओडब्ल्यू, सर्विस रोड, फुटपाथ और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ पहले से खाली कराए गए क्षेत्रों की भी लगातार निगरानी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान कई स्थानों पर आमजन का सकारात्मक सहयोग मिला। अधिकारियों के अनुसार, सड़क और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में नागरिकों का सहयोग महत्वपूर्ण है। जीएमडीए की टीमें आगे भी संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखेंगी और दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!