सूरत नगर की गली नंबर-10 में सड़ रहा गंदा पानी, बीमारी फैलने का खतरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हर घर में लोग बीमार, सुनवाई नहीं कर रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी : सतवंती नेहरा

कांग्रेस जिला सचिव ने उठाया सवाल—आखिर कब होगी पीड़ित लोगों की सुनवाई?

गुरुग्राम। गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर-34 स्थित सूरत नगर फेज-1 की गली नंबर-10 में जमा गंदे और बदबूदार पानी ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। निकासी व्यवस्था ठप होने से गली में दूषित पानी लगातार जमा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्गंध और गंदगी के कारण मच्छरों तथा बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है और लगभग हर घर में कोई न कोई व्यक्ति बीमार है।

गुरुग्राम ग्रामीण कांग्रेस की जिला सचिव सतवंती नेहरा ने क्षेत्र की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि समय रहते पानी की निकासी और सफाई नहीं कराई गई तो यहां महामारी जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसके बावजूद जिम्मेदार पार्षद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी समस्या की सुध नहीं ले रहे हैं।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की चुप्पी पर सवाल

सतवंती नेहरा ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोग कई बार समस्या उठाने के बावजूद सुनवाई के लिए भटक रहे हैं। जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के पास पीड़ित लोगों की समस्या सुनने तथा समाधान का आश्वासन देने तक का समय नहीं है।

उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से बड़े कार्यक्रमों, रैलियों और विज्ञापनों पर लाखों रुपये खर्च किए जा सकते हैं, लेकिन स्वच्छता, साफ पानी, सड़क, शिक्षा और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं की बात आते ही लोगों को केवल दावे और भाषण सुनने को मिलते हैं।

जनता को दिखावा नहीं, समाधान चाहिए

सतवंती नेहरा ने कहा— “जनता को दिखावा नहीं, काम चाहिए। विज्ञापन नहीं, समाधान चाहिए और भाषण नहीं, मूलभूत सुविधाएं चाहिए।”

उन्होंने नगर निगम और जिला प्रशासन से गली नंबर-10 में जमा गंदे पानी की तत्काल निकासी कराने, नालियों की सफाई एवं फॉगिंग करवाने तथा बीमारी से बचाव के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने की मांग की।

सतवंती नेहरा ने चेताया कि गंदा और बदबूदार पानी केवल असुविधा का विषय नहीं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सवाल किया कि आखिर सूरत नगर की गली नंबर-10 के लोगों की सुनवाई कब होगी?

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!