एसआईआर के तहत दावों एवं आपत्तियों की प्रगति की पटौदी एसडीएम दिनेश लुहाच ने की समीक्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

नोटिस जारी करने और सुनवाई की प्रक्रिया समानांतर रूप से चलाने पर दिया जोर

पटौदी, 17 अगस्त। विधानसभा पटौदी के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम दिनेश लुहाच ने सोमवार को उपमंडल कार्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत दावों एवं आपत्तियों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी तथा संबंधित सुपरवाइजर मौजूद रहे। एसडीएम ने अधिकारियों से अब तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की स्थिति, उनके सत्यापन तथा निस्तारण की प्रगति के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्रवार लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर से संबंधित सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता के साथ किए जाएं।

नोटिस जारी करने व सुनवाई की प्रक्रिया समानांतर रूप से चलाने के निर्देश

एसडीएम दिनेश लुहाच ने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि दावों एवं आपत्तियों के मामलों में नोटिस देने तथा सुनवाई की प्रक्रिया समानांतर रूप से चले, ताकि मामलों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि नोटिस जारी होने के बाद संबंधित मामले की सुनवाई की कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा के भीतर आगे बढ़ाई जाए और प्रत्येक मामले की नियमित रूप से निगरानी की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का आवश्यक दस्तावेजों और उपलब्ध रिकॉर्ड्स के आधार पर नियमानुसार सत्यापन किया जाए तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने और अपात्र मामलों पर नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से पूरी की जाए।

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए गंभीरता से कार्य करने का आह्वान

एसडीएम ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, नवीनतम एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक दावे एवं आपत्ति का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए और साथ ही मतदाता सूची की शुद्धता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्राप्त आपत्तियों पर भी गंभीरता से कार्रवाई की जाए। एसडीएम ने सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र की प्रगति पर लगातार नजर रखें, लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाएं तथा एसआईआर से संबंधित रिकॉर्ड एवं कार्रवाई का व्यवस्थित रूप से रख रखाव सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित समय-सीमा का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक एईआरओ को संबंधित मतदान केंद्रों का दायित्व सौंपा गया है तथा सुनवाई के लिए तहसील कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, बीडीपीओ कार्यालय, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों सहित अन्य निर्धारित स्थलों को चिन्हित किया गया है। मतदाता अपने संबंधित मतदान केंद्र के अनुसार 30 अगस्त तक निर्धारित स्थान पर उपस्थित होकर अपनी आपत्तियां, दावे अथवा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं।

पटौदी विधानसभा में यह स्थान किए गए हैं निर्धारित

तहसीलदार रोहताश को मतदान केंद्र संख्या 1 से 26 की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन मतदान केंद्रों से संबंधित दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई तहसील कार्यालय, पटौदी में की जाएगी। नायब तहसीलदार मोहम्मद खान को मतदान केंद्र संख्या 27 से 55 का दायित्व सौंपा गया है। इन मतदान केंद्रों से जुड़े मामलों की सुनवाई तहसील कार्यालय, पटौदी में होगी।

बीडीपीओ शीतल को मतदान केंद्र संख्या 76 से 103 की जिम्मेदारी दी गई है। संबंधित दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई बीडीपीओ कार्यालय, पटौदी में आयोजित की जाएगी।

एसडीओ प्रभांशु प्रताप को मतदान केंद्र संख्या 131 से 147 का दायित्व सौंपा गया है। इन बूथों से संबंधित मामलों की सुनवाई डीएचबीवीएन कार्यालय, जटौली मंडी में होगी।

एसडीओ रोहित कुमार को मतदान केंद्र संख्या 148 से 166 की जिम्मेदारी दी गई है। इन मतदान केंद्रों से जुड़े दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई डीएचबीवीएन कार्यालय, पटौदी में होगी।एसडीओ लियाकत अली को मतदान केंद्र संख्या 56 से 75 का दायित्व दिया गया है। संबंधित मामलों की सुनवाई डीएचबीवीएन कार्यालय, बहोड़ा कलां में की जाएगी।

सहायक प्राध्यापक (भौतिक विज्ञान) अनीता देवी को मतदान केंद्र संख्या 243 से 259 की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन बूथों से संबंधित सुनवाई एसडीएम कार्यालय के मीटिंग हॉल, पटौदी में होगी। सहायक प्राध्यापक (भूगोल) प्रदीप कुमार शर्मा को मतदान केंद्र संख्या 167 से 186, सहायक प्राध्यापक (इतिहास) प्रमोद को मतदान केंद्र संख्या 187 से 216, सहायक प्राध्यापक (रसायन विज्ञान) विजय पाल को मतदान केंद्र संख्या 217 से 242 तथा सहायक प्राध्यापक (कंप्यूटर साइंस) अशोक कुमार को मतदान केंद्र संख्या 104 से 130 की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन मतदान केंद्रों से जुड़े मामलों की सुनवाई एसडीएम कार्यालय के मीटिंग हॉल, पटौदी में आयोजित की जाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!