अपराधियों पर शिकंजा कसने के बजाय न्याय मांगने वालों पर बल प्रयोग चिंताजनक : कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हांसी में जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपी सहित सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करे सरकार

दमन नहीं, संवाद और न्याय के रास्ते से ही प्रदेश में कायम होगी शांति : सैलजा

चंडीगढ़/सिरसा, 17 अगस्त। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य कुमारी सैलजा ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हिसार, हांसी से लेकर अंबाला तक सामने आ रही आपराधिक घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। सरकार की पहली जिम्मेदारी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, अपराधियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करना और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना है। प्रदेश सरकार को कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

मीडिया को जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा कि सबसे अधिक चिंता तब होती है, जब अपने अधिकार और न्याय की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने वाले लोगों के साथ संवाद करने के बजाय पुलिस बल का प्रयोग किया जाता है। किसी भी परिस्थिति में कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती, लेकिन प्रशासन की भी जिम्मेदारी है कि वह संयम बरते और बातचीत के माध्यम से स्थिति को संभालने का हर संभव प्रयास करे। लाठीचार्ज, पथराव और बड़ी संख्या में लोगों पर मुकदमे दर्ज करने जैसी परिस्थितियां पैदा होने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकलता, बल्कि लोगों में असंतोष बढ़ सकता है।

सांसद ने कहा कि हांसी में जीवन कुंडू की हत्या का मामला बेहद गंभीर और दुखद है। पीड़ित परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है। मामले में कुछ गिरफ्तारियां हुई हैं, लेकिन मुख्य आरोपी का पुलिस गिरफ्त से बाहर रहना स्वाभाविक रूप से परिवार और लोगों की चिंता बढ़ाता है। मुख्यमंत्री के हांसी पहुंचने से पहले पुलिस प्रशासन को मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हर संभव कानूनी प्रयास सुनिश्चित करने चाहिए थे, ताकि पीड़ित परिवार में न्याय के प्रति विश्वास मजबूत होता।

कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन का दायित्व अपराधियों को पकड़ना और पीड़ितों को न्याय दिलाना है। यदि न्याय मांग रहे लोगों के साथ ही टकराव की स्थिति बनती है तो इससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों को अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखने का अधिकार है और सरकार का दायित्व उनकी बात सुनना तथा कानून के दायरे में समाधान निकालना है।

सांसद ने कहा कि प्रदेश में किसी भी आपराधिक घटना को राजनीतिक नजरिए से देखने के बजाय निष्पक्षता से कार्रवाई होनी चाहिए। अपराधी चाहे कोई भी हो और उसका संबंध किसी भी व्यक्ति अथवा समूह से हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसी प्रकार प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि तथ्य सामने आएं और किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो।

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार को टकराव और दमन की नीति से बचते हुए संवाद, संवेदनशीलता और न्याय का रास्ता अपनाना चाहिए। हांसी में जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपी सहित सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा दी जाए तथा पूरे प्रकरण में निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई की जाए। प्रदेश में शांति और कानून का राज तभी मजबूत होगा, जब आम नागरिक को यह विश्वास होगा कि सरकार और प्रशासन उसके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह जवाबदेह हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!