तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का दिया संदेश
एसडीएम ने कहा, युवा शक्ति के उत्साह से मजबूत होगा राष्ट्रभक्ति का संकल्प
विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया यात्रा में हिस्सा
रंगोली और सेल्फी प्वाइंट पर विद्यार्थियों ने दिखाई देशभक्ति की रचनात्मक झलक

पटौदी, 17 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आज उपमंडल पटौदी में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच की अगुवाई में निकली इस यात्रा का शुभारंभ उपमंडल कार्यालय से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा पटौदी के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों से होते हुए सेक्टर-1 स्थित पुलिस स्टेशन के सामने पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे यात्रा मार्ग पर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा तथा विद्यार्थियों में राष्ट्रीय ध्वज को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक : एसडीएम दिनेश लुहाच

इस अवसर पर एसडीएम दिनेश लुहाच ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण अभियान है। तिरंगा केवल तीन रंगों से बना राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और करोड़ों देशवासियों के गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग, तपस्या और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगे के प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान इसी भावना को और मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा देशभक्ति की भावना के लिए प्रेरित करें।
एसडीएम ने कहा, युवा शक्ति के उत्साह से मजबूत होगा राष्ट्रभक्ति का संकल्प

एसडीएम ने कहा कि देश की युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है और विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन तथा राष्ट्रीय मूल्यों की भावना विकसित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि जब देश का प्रत्येक नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराता है और पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को नमन करता है, तो इससे राष्ट्रीय एकता की भावना और अधिक मजबूत होती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराएं तथा समाज में भाईचारे, एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प होना चाहिए कि तिरंगे की आन-बान-शान को सदैव सर्वोच्च स्थान दें और देश की प्रगति में अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएं।
रंगोली और सेल्फी प्वाइंट बने आकर्षण का केंद्र
यात्रा के समापन स्थल पर स्कूली विद्यार्थियों द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की थीम पर विभिन्न आकर्षक रंगोलियां तैयार की गईं। रंगोलियों में तिरंगे के रंगों के साथ देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की सुंदर झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों के लिए विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए, जहां बच्चों ने तिरंगा हाथों में लेकर उत्साहपूर्वक तस्वीरें खिंचवाईं। इस दौरान विद्यार्थियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष से वातावरण को देशभक्ति से भर दिया। बच्चों के उत्साह और हाथों में लहराते तिरंगों ने पूरे आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। विद्यार्थियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन उन्हें देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं तथा उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर तहसीलदार पटौदी रोहताश पंवार, नायब तहसीलदार मोहम्मद खान, खंड शिक्षा अधिकारी महेश कुमार,
मार्केट कमेटी के अध्यक्ष मनोज मोकलवास, एमिनेंट सिटीजन जर्मन सैनी, नगर परिषद से परिषद अभियंता मुकेश कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








