हांसी लाठीचार्ज की एआईडीवाईओ ने की कड़ी निंदा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हांसी लाठीचार्ज की एआईडीवाईओ ने की कड़ी निंदा

जीवन कुंडू हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मुकदमे रद्द करने की मांग

गुरुग्राम, 16 अगस्त। ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गेनाइजेशन (एआईडीवाईओ) की हरियाणा राज्य कमेटी ने स्वतंत्रता दिवस पर हांसी में न्याय की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है। संगठन ने जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने तथा प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की है।

एआईडीवाईओ हरियाणा के संयोजक बलवान सिंह ने राज्य कमेटी की बैठक के बाद जारी बयान में कहा कि कुछ दिन पहले जीवन कुंडू की नृशंस हत्या कर दी गई थी, लेकिन हत्याकांड के मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पीड़ित परिवार और स्थानीय नागरिक आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लगातार शासन-प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने 15 अगस्त को हांसी पहुंचे मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी बात रखने का निर्णय लिया था। आरोप है कि मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे लोगों को अपनी बात रखने का अवसर देने के बजाय पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। इसमें कई प्रदर्शनकारियों को चोटें आईं।

बलवान सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे अवसर पर शांतिपूर्ण तरीके से न्याय की मांग कर रहे नागरिकों के साथ इस प्रकार का व्यवहार शर्मनाक और अलोकतांत्रिक है। अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय पीड़ितों और न्याय की मांग कर रहे नागरिकों पर पुलिस बल का प्रयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि आजादी के आठ दशक बाद भी जनता की आवाज दबाने के लिए औपनिवेशिक दौर जैसी लाठी-बल की नीति अपनाया जाना चिंताजनक है। न्याय की मांग करना प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है और इस अधिकार को पुलिसिया दमन से नहीं दबाया जा सकता।

एआईडीवाईओ की प्रमुख मांगें
  • जीवन कुंडू हत्याकांड के सभी मुख्य आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
  • मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत में कराकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए।
  • लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
  • घायल प्रदर्शनकारियों के समुचित उपचार की व्यवस्था की जाए।
  • शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध दर्ज सभी एफआईआर तत्काल रद्द की जाएं।

एआईडीवाईओ ने पीड़ित परिवार और आंदोलनरत नागरिकों के साथ मजबूती से खड़े रहने की घोषणा करते हुए कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी, प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मुकदमे रद्द करने और जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई होने तक शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रहेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!